प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नेपाल के नव निर्वाचित नेता बालेंद्र शाह (Balendra Shah) से फोन पर बात की। इस बात की जानकारी उन्होंने अपने X हैंडल पर पोस्ट कर दी। इसके साथ ही पीएम मोदी ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के अध्यक्ष रबि लमिचने (Rabi Lamichhane) से भी बात की व उन्हें जीत की हार्दिक बधाई दी।
बता दें, नेपाल का अगला प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह बनने वाले हैं जो देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री होंगे। अपनी बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इनके साथ भारत के सहयोग व आगे भी दोनों देशों के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता को दोहराया।
अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा है, "राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के चेयरमैन रबी लामिछाने और वरिष्ठ नेता बालेन्द्र शाह के साथ टेलीफोन पर गर्मजोशी से बातचीत हुई। दोनों नेताओं को उनकी चुनावी जीत और नेपाल के चुनावों में RSP की जोरदार सफलता पर बधाई दी। उनकी आने वाली नई सरकार के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं और आपसी समृद्धि, प्रगति और हमारे दोनों देशों के लोगों के कल्याण के लिए उनके साथ काम करने की भारत की प्रतिबद्धता व्यक्त की।"
नरेंद्र मोदी ने अपने पोस्ट में उम्मीद जताते हुए लिखा कि मुझे विश्वास है कि हमारे संयुक्त प्रयासों से आने वाले वर्षों में भारत और नेपाल के संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंचेंगे।
Had warm telephone conversations with Mr. Rabi Lamichhane, Chairman of the Rastriya Swatantra Party (RSP) and Mr. Balendra Shah, Senior Leader of the RSP.
— Narendra Modi (@narendramodi) March 9, 2026
Congratulated both leaders on their electoral victories and RSP’s resounding success in the Nepal elections. Conveyed my…
नेपाल के राजनीतिक परिदृश्य में एक नाटकीय बदलाव तब देखने को मिला, जब नव निर्वाचित युवा नेता बालेन्द्र “बालेन” शाह ने अनुभवी राजनेता और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को उनके संसदीय गढ़ में हरा दिया। शाह पेशे से स्ट्रक्चरल इंजीनियर है। राजनीति में उनका उत्थान काठमाण्डु का मेयर बनने के साथ हुआ था। लगभग 4 सालों बाद वह इतिहास रचने के दरवाजे पर खड़े हैं। दावा किया जा रहा है कि नेपाल के इतिहास के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ही बनने वाले हैं।
बता दें, चुनाव में बालेंद्र शाह को 68,348 वोट मिले थे जो 74 वर्षीय मार्क्सवादी नेता (केपी शर्मा ओली) को मिले 18,734 वोटों से करीब 4 गुना अधिक है।