नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली में 33,500 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें 18,300 करोड़ रुपए से अधिक की मेट्रो परियोजनाएं हैं, वहीं 15,200 करोड़ के आवासीय प्रोजेक्ट्स भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने सबसे पहले 15,200 करोड़ रुपये की सामान्य पूल आवासीय आवास (जीपीआरए) पुनर्विकास योजना की सौगात दी।
पीएम मोदी ने महिला लाभार्थियों को सौंपी चाबी
पीएम मोदी ने केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ सरोजिनी नगर स्थित जीपीआरए टाइप-5 क्वार्टर का दौरा किया। वहां उन्होंने महिला लाभार्थियों को चाबियां सौंपीं और कुछ महिला श्रमिकों से भी बातचीत की। सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी जैसे प्रमुख स्थानों में फैली ये परियोजनाएं बेहद अहम हैं। ये जीपीआरए कॉलोनियों के आधुनिकीकरण और सरकारी कर्मचारियों, प्रशासनिक कार्यालयों के लिए विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा तैयार करने के सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम का हिस्सा हैं।
क्यों खास हैं ये आवासीय परियोजनाएं
इन परियोजनाओं का पुनर्विकास एक नवोन्मेषी आत्मनिर्भर वित्तीय मॉडल के जरिए किया गया है।
ये सुनिश्चित करता है कि सरकारी खजाने पर बोझ डाले बिना पुनर्विकास किया जाए।
इस मॉडल के तहत सरकार पूरी परियोजना के फंडिंग के लिए परियोजना क्षेत्र के एक सीमित हिस्से का वाणिज्यिक और आवासीय क्षेत्र के रूप में विकास कर रही है।
इससे प्राप्त राजस्व का इस्तेमाल आधुनिक सरकारी आवास, सहायक बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सुविधाओं के पुनर्विकास के वित्तपोषण के लिए किया जा रहा है।
इस पुनर्विकास योजना के तहत सरकारी कर्मचारियों के लिए 9,350 से अधिक आधुनिक फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके साथ ही लगभग 48 लाख वर्ग फुट कार्यालय क्षेत्र का सृजन किया जाएगा, जिससे प्रशासनिक दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
दिल्ली मेट्रो से जुड़े अहम प्रोजेक्ट की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में दो नए दिल्ली मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इस दौरान 18,300 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं से दिल्ली में पब्लिक ट्रांसपोर्ट और मजबूत होने की उम्मीद है। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने इन मेट्रो प्रोजेक्ट्स को लेकर डिटेल में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ये कोशिशें देश की राजधानी को सच में 'विकसित दिल्ली' बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी। मेट्रो नेटवर्क के बढ़ने से पब्लिक ट्रांसपोर्ट बेहतर होगा। लोगों के लिए रोजाना का सफर आसान होगा, सड़कों पर गाड़ियों की संख्या कम होगी और प्रदूषण कंट्रोल करने में मदद मिलेगी।
पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें
पीएम मोदी ने कहा कि आज हम सब दिल्ली में विकास को नई गति देने के लिए यहां इकट्ठे हुए हैं। कुछ देर पहले ही यहां 33,500 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ। मेट्रो के विस्तार से लेकर हजारों सरकारी कर्मचारियों के आवासों तक, देश की राजधानी में सुविधाओं का लगातार मजबूत विस्तार हो रहा है, एक नई मजबूती दी जा रही है।