🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ा: लेबनान में इज़रायली हवाई हमलों में 15 की मौत; हिज़्बुल्लाह ने किया पलटवार

बेरूत में होटल समेत कई ठिकानों पर हमला, इज़रायल-लेबनान हमलों के बीच ईरान ने भी दागीं मिसाइलें

By डॉ. अभिज्ञात

Mar 08, 2026 19:33 IST

बेरूत (लेबनान): लेबनान की राजधानी बेरूत और दक्षिणी लेबनान के कई इलाकों पर इज़रायल ने रातभर हवाई हमले किए। इन हमलों में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए। यह जानकारी लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी नेशनल न्यूज़ एजेंसी (NNA) ने दी है। रिपोर्ट के अनुसार, ईरान समर्थित संगठन हिज़्बुल्लाह ने इन हमलों के जवाब में इज़रायली ठिकानों पर पलटवार करने की घोषणा की है।

रूसी विमान से ईरानी नागरिकों को ले जाया गया

इसी बीच बेरूत के प्रमुख टीवी चैनल और वेबसाइट LBCI लेबनान न्यूज़ ने बताया कि शनिवार देर रात एक रूसी विमान बेरूत-रफीक हरीरी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुआ। इस विमान में 117 ईरानी नागरिक सवार थे। सूत्रों के अनुसार विमान में एक ईरानी परिवार के पाँच सदस्यों के शव भी ले जाए गए।

होटल और कई कस्बों को बनाया गया निशाना

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इज़रायली हमलों में देश के कई स्थानों को निशाना बनाया गया। बेरूत के एक होटल पर हुए हमले में चार लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा जबल अल-बतूम और कफ्र रुम्मान कस्बों में हुए हमलों में पाँच लोगों की जान चली गई।

विस्थापित लोगों से भरे हैं तटीय होटल

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भूमध्यसागर के तट के पास कई होटल ऐसे हैं, जहाँ इस समय बड़ी संख्या में विस्थापित लोग रह रहे हैं। ये लोग देश के अन्य हिस्सों में जारी लड़ाई से बचकर यहाँ आए हैं। जिस होटल पर हमला हुआ, उसमें दक्षिणी लेबनान और बेरूत के दक्षिणी इलाकों से भागकर आए लोग ठहरे हुए थे। हमले के बाद कई लोग डर के कारण इमारत छोड़कर बाहर निकलते दिखाई दिए।

हिज़्बुल्लाह का पलटवार, ड्रोन से भी हमला

हिज़्बुल्लाह ने कहा कि उसके लड़ाकों ने अल-मलिकिया सैन्य क्षेत्र में मौजूद इज़रायली सैनिकों को निशाना बनाया। इस हमले में लेबनानी सीमा के कस्बे ऐतारौन के सामने स्थित इज़रायली ठिकाने की ओर कई रॉकेट दागे गए। हिज़्बुल्लाह लेबनान में एक प्रभावशाली शिया राजनीतिक और सशस्त्र संगठन है, जिसे अमेरिका आतंकवादी संगठन मानता है। हिज़्बुल्लाह ने एक अन्य बयान में कहा कि उसने उत्तरी इज़रायल के शहर किर्यात शमोना पर “कामिकाज़े ड्रोन” के झुंड से हमला किया। संगठन का कहना है कि यह हमला पहले दी गई चेतावनी के तहत किया गया।

इज़रायल का दावा: ईरानी कमांडरों को बनाया निशाना

इज़रायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने दावा किया कि उसने लेबनान में सक्रिय ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की कुद्स फोर्स के कुछ प्रमुख कमांडरों को निशाना बनाया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा गया कि ये कमांडर बेरूत में सक्रिय थे और इज़रायल के खिलाफ हमलों की योजना बनाने में शामिल थे।

ईरान ने भी दागीं मिसाइलें

उधर ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने कहा कि उन्होंने इज़रायल के शहर तेल अवीव और बेर्शीवा की ओर तथा जॉर्डन में एक एयरबेस की दिशा में मिसाइलें दागीं।

खाड़ी देशों में भी हमलों की खबर

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ईरानी ड्रोन हमले से बहरीन में समुद्री पानी को मीठा बनाने वाले एक संयंत्र को नुकसान पहुँचा। वहीं इराकी समाचार एजेंसी INA ने बताया कि IRGC ने कुवैत के अल-अदैरी सैन्य अड्डे को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया।

इज़रायल की जवाबी कार्रवाई

इज़रायली सेना ने कहा कि उसने ईरान से दागी गई मिसाइलों की पहचान कर ली है और उन्हें रोकने के लिए उसकी रक्षा प्रणालियाँ सक्रिय हैं। IDF के अनुसार, इज़रायली वायुसेना ने खुफिया जानकारी के आधार पर तेहरान में कई ईंधन भंडारण स्थलों पर भी हमला किया। बताया गया कि इन ईंधन डिपो का इस्तेमाल ईरान की सशस्त्र सेनाएँ करती थीं।

Prev Article
उड़ानें रद्द होने से कतर में फँसे भारतीयों का आंकड़ा जुटाने के लिए भारतीय दूतावास ने जारी किया फॉर्म
Next Article
इंडोनेशिया की सैन्य शक्ति बढ़ाएगा भारत का ब्रह्मोस मिसाइल, अरबों डॉलर में फाइनल हुई डील

Articles you may like: