🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

खामेनेई की मौत पर केंद्र के रुख की मणि शंकर अय्यर ने की आलोचना, कहा,-'अमेरिका-इज़राइल का साथ दे रहे हैं पीएम मोदी'

अय्यर ने कहा-भारत के राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री ने इस व्यापक विनाश की निंदा नहीं की है।

By डॉ.अभिज्ञात

Mar 08, 2026 18:42 IST

नई दिल्ली: अपने बयानों के लिए विवाद में रहने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस नेता मणि शंकर अय्यर ने रविवार को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता जताने के बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका और इज़राइल का साथ देते हुए दिखाई दे रहे हैं।

ANI की रिपोर्ट के अनुसार इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन पर आयोजित शोक सभा में अय्यर ने कहा कि पूरी दुनिया चाहती है कि यह संघर्ष समाप्त हो। ग्लोबल साउथ भी इसे लेकर चिंतित है लेकिन भारत के राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री ने इस व्यापक विनाश की निंदा नहीं की है। पीएम मोदी ट्रम्प और नेतन्याहू का साथ दे रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका और इज़राइल के हमलों में खामेनेई तथा अन्य प्रमुख लोगों की मौत के बाद पिछले एक सप्ताह से क्षेत्रीय संघर्ष काफी तेज हो गया है। इसके जवाब में तेहरान ने क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और इज़राइली ठिकानों को निशाना बनाते हुए जवाबी हमले शुरू किए हैं। भारत ने ईरान और खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है।

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने गुरुवार को भारत सरकार की ओर से नई दिल्ली स्थित ईरान के दूतावास में शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए और ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई के निधन पर संवेदना व्यक्त की। खामेनेई की अमेरिका और इज़राइल के संयुक्त सैन्य हमलों में मौत के बाद ईरानी मिशन ने राजनयिकों, अधिकारियों और आम लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए शोक पुस्तिका खोली थी।


Prev Article
महिला दिवस पर DGCA का संदेश: सुरक्षित माहौल और समान अवसर से बढ़ी महिलाओं की उड़ान
Next Article
क्या सच में भारत ने ईरान की पीठ में छुरा घोंपा? क्या गुप्त रूप से इज़राइल को दी जानकारी? सेना प्रमुख के वीडियो पर मचा हंगामा

Articles you may like: