बेंगलुरुः बेंगलुरु से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उड़ान भरने से ठीक पहले धुआं दिखाई देने के बाद एहतियातन विमान को खाली कराया गया। एयरलाइन ने बताया कि सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
रनवे की ओर बढ़ते समय दिखा धुआं
इंडिगो की फ्लाइट 6E 6017 मंगलवार को बेंगलुरु से चेन्नई के लिए रवाना होने वाली थी। विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी उसके अंदर धुआं दिखाई दिया। स्थिति को देखते हुए तुरंत सुरक्षा प्रक्रिया लागू की गई और यात्रियों को बाहर निकाला गया।
एयरलाइन के अनुसार, घटना की जानकारी संबंधित एयरपोर्ट और सुरक्षा एजेंसियों को भी तुरंत दे दी गई थी।
यात्रियों को टर्मिनल भेजा गया
विमान खाली कराने के बाद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित टर्मिनल तक पहुंचाया गया। एयरलाइन और एयरपोर्ट स्टाफ ने यात्रियों की सहायता की और उनकी सुविधा का ध्यान रखा।
इंडिगो ने बताया कि यात्रियों को ज्यादा परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई, जिससे उड़ान को बाद में संचालित किया जाना था। इंतजार के दौरान यात्रियों को रिफ्रेशमेंट भी उपलब्ध कराया गया।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट भी प्रभावित
मंगलवार को ही एक अन्य विमानन घटना में दिल्ली से पटना जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण देरी का शिकार हुई।
एयरलाइन के अनुसार निर्धारित विमान में तकनीकी समस्या सामने आने के बाद वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई। यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराया गया और उन्हें टिकट रद्द कर पूरा रिफंड लेने या यात्रा को रीशेड्यूल करने का विकल्प दिया गया। दोनों मामलों में एयरलाइंस की ओर से सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए त्वरित कदम उठाए गए। हालांकि तकनीकी समस्या या धुआं उठने के सटीक कारणों की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।