🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

ट्रंप की चेतावनी के बाद ईरान से 1,862 से भारतीय सुरक्षित निकाले गए, तेहरान भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

ईरान में भारतीयों के लिए अगले 48 घंटे तक घरों के अंदर रहने के निर्देश दिए हैं। जानें क्या करें-क्या न करें...

By डॉ. अभिज्ञात

Apr 07, 2026 22:06 IST

तेहरान/नयी दिल्ली: ईरान में बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने मंगलवार को एक अत्यावश्यक सुरक्षा एडवाइजरी जारी करते हुए वहां मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को अगले 48 घंटे तक घरों के अंदर रहने के निर्देश दिए हैं।

ट्रंप की चेतावनी के बाद बढ़ा तनाव

यह सलाह ऐसे समय में आई है जब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तेहरान नया समझौता करने में विफल रहता है, जिसमें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ को फिर से खोलना शामिल है तो पूरी एक सभ्यता खत्म हो सकती है। इस बयान के बाद क्षेत्र में तनाव और अधिक बढ़ गया है।


दूतावास की सख्त सुरक्षा एडवाइजरी

बिगड़ते हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए स्पष्ट सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एडवाइजरी में कहा गया है कि जो भारतीय अभी भी ईरान में हैं, वे अगले 48 घंटों तक जहां हैं वहीं रहें, सभी विद्युत और सैन्य प्रतिष्ठानों से दूर रहें, बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से बचें, घर के अंदर रहें और किसी भी राजमार्ग यात्रा के लिए केवल दूतावास के साथ समन्वय करें।

होटल में ठहरे लोगों के लिए निर्देश

दूतावास ने अस्थायी आवास में रह रहे भारतीयों के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। कहा गया है कि जो लोग दूतावास द्वारा बुक किए गए होटलों में ठहरे हैं, वे अंदर ही रहें और मौके पर मौजूद दूतावास टीमों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें। साथ ही सभी से आधिकारिक अपडेट्स पर नजर बनाए रखने का आग्रह किया गया है।

आपातकालीन संपर्क व्यवस्था

भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दूतावास ने विशेष संचार व्यवस्था स्थापित की है और तत्काल सहायता के लिए आपातकालीन फोन नंबर भी जारी किए हैं।

हजारों भारतीयों को सुरक्षित निकाला गया

इसी बीच, नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय (MEA) ने मंगलवार को पुष्टि की कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच हजारों भारतीयों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई है। अंतर-मंत्रालयी प्रेस ब्रीफिंग में अतिरिक्त सचिव (गल्फ) असीम आर महाजन ने बताया, “तेहरान स्थित हमारे दूतावास ने अब तक 1,862 भारतीय नागरिकों को ईरान से आर्मेनिया और अज़रबैजान भेजने में मदद की है, जहां से उन्हें भारत लाया जाएगा। इनमें 935 छात्र और 472 मछुआरे शामिल हैं।”

हालात पर लगातार नजर

महाजन ने कहा कि विदेश मंत्रालय खाड़ी और पश्चिम एशिया की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और हमारा ध्यान क्षेत्र में बड़ी संख्या में मौजूद भारतीय समुदाय की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने पर केंद्रित है।

बड़े स्तर पर समन्वय और कंट्रोल रूम

इस बड़े ऑपरेशन को संभालने के लिए सरकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ मिलकर काम कर रही है। मंत्रालय में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो विभिन्न दूतावासों और मिशनों के साथ तालमेल बनाकर भारतीयों की मदद कर रहा है। महाजन ने बताया कि “यह विशेष कंट्रोल रूम लगातार सक्रिय है और पूरे क्षेत्र में भारतीय नागरिकों को सहायता प्रदान कर रहा है।”

छात्रों और समुदाय से संपर्क

उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय राजदूत नियमित रूप से सामुदायिक संगठनों और पेशेवर समूहों से बातचीत कर रहे हैं ताकि उनकी चिंताओं का समाधान किया जा सके। छात्रों के हितों को प्राथमिकता देते हुए मंत्रालय स्थानीय अधिकारियों और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के साथ समन्वय कर विशेष समस्याओं का समाधान कर रहा है।

उड़ानों और यात्रा की स्थिति

विदेश मंत्रालय ने व्यापक यात्रा स्थिति पर अपडेट देते हुए कहा कि जिन देशों का हवाई क्षेत्र खुला है, वहां से उड़ानें जारी हैं। 28 फरवरी से अब तक लगभग 7,60,000 यात्री इस क्षेत्र से भारत आ चुके हैं। आज अकेले UAE से भारत के लिए करीब 90 उड़ानें संचालित होने की उम्मीद है, जबकि कतर एयरवेज आंशिक रूप से खुले हवाई क्षेत्र के बीच 8 से 10 उड़ानें संचालित कर सकती है।

वैकल्पिक मार्गों से निकासी

हालांकि कुवैत और बहरीन का हवाई क्षेत्र अभी भी बंद है, ऐसे में विदेश मंत्रालय वैकल्पिक मार्गों से निकासी सुनिश्चित कर रहा है। इसके तहत इज़राइल से मिस्र और जॉर्डन के रास्ते, इराक से जॉर्डन और सऊदी अरब के रास्ते, तथा कुवैत और बहरीन से सऊदी अरब के जरिए भारतीय नागरिकों को भारत लाया जा रहा है।

Articles you may like: