कोलकाता एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। राहत की बात है कि जिस समय यह हादसा हुआ तब यात्रियों को विमान में चढ़ाने की प्रक्रिया यानी बोर्डिंग शुरू नहीं हुई थी। मंगलवार की रात को कोलकाता एयरपोर्ट पर IndiGo एयरलाइंस की एक विमान को फ्लाईट केटरिंग की गाड़ी द्वारा जोरदार टक्कर मारने का मामला सामने आया है। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं मिली है लेकिन विमान को काफी नुकसान पहुंचा है।
मिली जानकारी के अनुसार उक्त विमान को पहुंचे नुकसान की मात्रा इतनी ज्यादा है कि एयरक्राफ्ट को फिलहाल बैठा दिया गया है। बताया जाता है कि कोलकाता से गुवाहाटी जाने के लिए IndiGo एयरलाइंस की एक विमान एयरबस 320 स्टैंड नंबर 51 पर खड़ी थी। घटना मंगलवार की रात को 9 बजे की बतायी जाती है।
Read Also | अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया कोलकाता का मिलेनियम पार्क और शिपिंग जेटी, क्यों?
एयरलाइंस कर्मचारियों के न पहुंचने की वजह से विमान में बोर्डिंग की प्रक्रिया तब तक शुरू नहीं हुई थी। एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार केटरिंग गाड़ी उक्त विमान के पास ही खड़ी थी लेकिन गाड़ी से उतरने से पहले ड्राइवर हैंड ब्रेक लगाना भूल गया।
आरोप है कि इसके बाद इस गाड़ी ने विमान के इंजन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की वजह से विमान काफी ज्यादा क्षतिग्रस्त हो गया है और उसे बैठा देना पड़ा है। रात को दूसरे विमान से गुवाहाटी के लिए यात्रियों को रवाना किया गया। कोलकाता एयरपोर्ट के निदेशक विक्रम सिंह ने मीडिया को बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ है लेकिन विमान को काफी नुकसान पहुंचा है। इंजीनियर मौके पर पहुंचकर विमान की जांच कर रहे हैं। दुर्घटना कैसे हुई, इस बात की जांच की जा रही है।
सोमवार की रात को भी कोलकाता एयरपोर्ट पर तेज आंधी की वजह से अनियंत्रित होकर एक लैडर-कार इंडिया एक्सप्रेस की एक बोइंग विमान, जो स्टैंड नंबर 23 पर खड़ी थी, से जाकर टकरा गयी। इस वजह से उक्त विमान को भी काफी नुकसान पहुंचा था।
वहीं मंगलवार की शाम को आयी आंधी की वजह से कोलकाता एयरपोर्ट पर उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई। लगभग 30 मिनट तक विमान सेवाओं को बंद रखना पड़ा और इस दौरान बड़ी संख्या में उड़ानों को डायवर्ट कर दिया गया।