केप टाउन : अटलांटिक महासागर में चल रहे एक जहाज पर तीन लोगों की मौत हो गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का अनुमान है कि यह मौतें हन्टावायरस संक्रमण के कारण हुई हैं। इस जहाज पर अब तक छह लोगों में इस वायरस का पता चला है, जिनमें से एक व्यक्ति का इलाज दक्षिण अफ्रीका में चल रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताया कि अटलांटिक महासागर में एमवी हंडियास नामक क्रूज़़ पर यह संकट तब सामने आया जब जहाज की यात्रा के दौरान यात्रियों में बीमारी के लक्षण दिखाई दिए। जहाज अर्जेंटीना के उशुआइया से केप वर्डे की ओर जा रहा था।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने रविवार को कहा कि क्रूज़़ पर अब तक हान्टावायरस संक्रमण की एक पुष्ट घटना सामने आई है और पांच अन्य मामलों की भी आशंका है। इन छह संक्रमितों में से तीन की मौत हो चुकी है। एक संक्रमित मरीज वर्तमान में जोहान्सबर्ग, दक्षिण अफ्रीका में इंटेंसिव केयर में है। हन्टावायरस आमतौर पर चूहों जैसी जन्तुओं से मनुष्यों में फैलता है। यह एक दुर्लभ वायरस है लेकिन मनुष्य से मनुष्य में भी फैल सकता है और इसके कारण गंभीर श्वसन रोग उत्पन्न हो सकते हैं।
दक्षिण अफ्रीका के स्वास्थ्य मंत्रालय के एक प्रवक्ता फोस्टर मोहाल ने बताया कि जहाज पर कुछ यात्रियों को तीव्र श्वसन समस्या के लक्षण मिले थे। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीज के शरीर में हन्टावायरस की पुष्टि हुई है। यह वायरस रक्तस्राव वाले बुखार का कारण भी बन सकता है।