नाइजीरिया : नाइजीरिया के डेल्टा राज्य के ‘अलुये-दो’ उत्सव के दौरान महिलाओं के साथ हुई हिंसा की तस्वीरों ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया है। भीड़ में फंसी एक युवा महिला डर और आतंक से भर गई थी। अपनी जान बचाने की कोशिश कर रही महिला को कई लोगों ने घेर लिया और हँसते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। केवल इस महिला ही नहीं, बल्कि कई अन्य महिलाओं के साथ बलात्कार और यौन उत्पीड़न की शिकायतें सामने आई हैं। इस पूरे मामले को अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने ‘बलात्कार उत्सव’ कहकर आलोचना की है।
अलुये-दो’ उत्सव मूलतः उर्वरता का पर्व है। ओजारो प्रांत में कई जनजातीय समुदाय रहते है जो वर्ष में इस समय संतान की कामना और अच्छी फसल के लिए देवी-देवताओं की पूजा करते हैं। इस दौरान लोग नए कपड़े पहनकर एकत्र होते हैं, प्रार्थना करते हैं, ड्रम की ताल पर नृत्य करते हैं और अंत में सामूहिक भोजन करते हैं। कई बार बलि भी दी जाती है।
इस साल मार्च में इस उत्सव के बीच में ही बलात्कार की घटना हुई। कुछ दिन से इस दृश्य की वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही हैं। द सन्डे गार्जियन में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार प्रार्थना समाप्त होते ही एक समूह युवकों ने महिलाओं की ओर दौड़ लगाई। कई महिलाओं को यह समझने का मौका भी नहीं मिला। धीरे-धीरे यह समूह बड़ा होने लगा और सार्वजनिक सड़क पर महिलाओं के साथ बलात्कार और यौन उत्पीड़न करने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने चिल्लाकर उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन किसी ने भी महिलाओं को बचाने के लिए कदम नहीं उठाया। इसमें कुछ किशोर लड़कों के भी शामिल होने की शिकायतें आई हैं।
घटना के दौरान स्थानीय विश्वविद्यालय की एक छात्रा अपने घर लौट रही थी। भीड़ ने अचानक उसका पीछा करना शुरू किया। कुछ लोगों ने चिल्लाकर कहा, “धो पकड़ो, एक लड़की जा रही है। न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए साक्षात्कार में छात्रा ने बताया “जैसे मधुमक्खियों का झुंड, सब मेरे ऊपर टूट पड़े। कोई हाथ पकड़ रहा था कोई पैर, कोई कपड़े फाड़ रहा था। भयंकर स्थिति थी। वे शरीर के विभिन्न हिस्सों को छू रहे थे। मैं मदद के लिए चिल्ला रही थी। आखिरकार कुछ राहगीरों ने आगे बढ़कर छात्रा को बचाया। हालांकि उसका फोन और बैग खो गया। साक्षात्कार में छात्रा ने कहा कि वह अभी तक मानसिक आघात से पूरी तरह उबर नहीं पाई है।
इस पूरे मामले पर महिला अधिकार कार्यकर्ता रीता आईकी ने समाज की भी आलोचना की। उन्होंने कहा अगर कोई इस तरह की घटनाओं को देखता रहता है तो यह केवल व्यक्तिगत अपराध नहीं रह जाता बल्कि पूरे समाज में सामान्य मान लिया जाता है। इस मामले में डेल्टा पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया है। डेल्टा राज्य पुलिस के प्रवक्ता ब्राइट एडाफे ने बताया अभियुक्तों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। सभी को न्याय मिलेगा।