चुनाव आयोग से मिल रहे रुझानों के मुताबिक पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी थट्टांचावड़ी विधानसभा सीट से 4336 वोटों से अधिक के अंतर से आगे चल रहे हैं। संभावना जतायी जा रही है कि पुडुचेरी में एन. रंगासामी के नेतृत्व में NDA सरकार की वापसी होने वाली है।
एन. रंगासामी के नेतृत्व में बनेगी NDA की सरकार
चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, 30 सदस्यीय विधानसभा में NDA गठबंधन 11 सीटों पर आगे चल रहा है जिससे उसकी बढ़त नजर आ रही है। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस 9 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं उसकी नेशनल डेमोक्रेटिक अलाइंस की सहयोगी भाजपा 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
इसके अलावा AIADMK एक सीट पर आगे चल रही है।
AINRC 9 सीटों पर आगे चल रही है, जिनमें एन. रंगासामी का थट्टांचावड़ी क्षेत्र भी शामिल है। इसके अलावा वी.पी. शिवकोलुंदु, वयापुरी मणिकंदन, सी. अय्यप्पन, ई. मोहनदोस, पी. राजावेलु, पी. आर. एन. थिरुमुरुगन और मल्लादी कृष्णा राव जैसे उम्मीदवार भी आगे चल रहे हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस 1 सीट पर और DMK 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
इस चुनाव में मुख्य मुकाबला NDA और कांग्रेस-डीएमके गठबंधन के बीच माना जा रहा है, हालांकि अभिनेता विजय थलपति की पार्टी TVK ने इसे त्रिकोणीय बनाने की कोशिश की है।
वोटों की गिनती 4 मई को हो रही है और अंतिम नतीजों की घोषणा अभी भी बाकी है।