आसनसोल : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के दौरान सोमवार को आसनसोल के एक काउंटिंग सेंटर पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मतगणना जारी रहने के बीच यहां झड़प और हिंसा की घटना सामने आई।
यह घटना आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र की है, जहां विभिन्न दलों के पोलिंग एजेंटों के बीच कहासुनी बढ़कर टकराव में बदल गई। इस दौरान कुर्सियों और वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। हालात काबू में करने के लिए सुरक्षा बलों को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिससे भीड़ को तितर-बितर किया गया।
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के आयुक्त प्रणव कुमार ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने एक राजनीतिक दल के कैंप को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि तोड़फोड़ करने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब चुनावी रुझान बेहद दिलचस्प मोड़ पर हैं और भारतीय जनता पार्टी बहुमत के आंकड़े को पार करती नजर आ रही है, जिससे ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को कड़ी चुनौती मिल रही है।
चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के मुताबिक भाजपा 156 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि टीएमसी 86 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। उसकी सहयोगी बीजीपीएम एक सीट पर आगे है।
अगर ये रुझान कायम रहते हैं तो पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार बनने की संभावना है, जिससे टीएमसी के एक दशक से अधिक समय के शासन का अंत हो सकता है। इससे पहले राज्य में 2011 तक 34 वर्षों तक वाम दलों का शासन रहा था।
विपक्ष के नेता और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने पार्टी की जीत को लेकर भरोसा जताते हुए कहा कि बीजेपी 180 से अधिक सीटों के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा स्पष्ट बहुमत के साथ सत्ता में आएगी।
राज्य में इस बार रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। दूसरे चरण में 91.66 प्रतिशत और पहले चरण में 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 92.47 तक पहुंच गया। साल 2021 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने 294 में से 213 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था, जबकि बीजेपी 77 सीटों के साथ मुख्य विपक्षी दल बनी थी।