🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

सूर्यास्त के बाद आप जरूर जीतेंगे, Wait & Watch : पार्टी कार्यकर्ताओं को ममता बनर्जी ने दिया कौन सा संदेश?

पार्टी कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने के उद्देश्य से तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने विशेष वीडियो संदेश जारी किया है जिसमें उन्होंने चुनाव आयोग को निशाने पर लिया।

By Moumita Bhattacharya

May 04, 2026 13:14 IST

दो चरणों में विधानसभा चुनाव (23 और 29 अप्रैल) के बाद आज देश के अन्य 3 राज्यों व 1 केंद्र शासित प्रदेश के साथ ही पश्चिम बंगाल में भी मतगणना चल रही है। हालांकि इस बार बंगाल की सत्ता में बड़े उलट-फेर के आसार नजर आ रहे हैं। चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार 294 विधानसभा सीटों में से भाजपा 172 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं तृणमूल 94 सीटे मिलती दिख रही है।

इसके बाद से ही भाजपा कार्यकर्ताओं में जहां उत्साह नजर आ रहा है वहीं तृणमूल कार्यकर्ताओं में उदासी का माहौल भी दिखाई दे रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने के उद्देश्य से तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने विशेष वीडियो संदेश जारी किया है। अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल से इस वीडियो को पोस्ट कर उन्होंने चुनाव आयोग को निशाने पर लिया।

ममता बनर्जी ने अपने संदेश में काउंटिंग एजेंट और चुनाव प्रत्याशियों को अभी से ही मतगणना केंद्र न छोड़ने की हिदायत दी है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा, "मैं कल से ही कह रही हूं कि यह भाजपा की योजना है। उनकी सीटें पहले दिखायी जा रही है और हमारी बाद में। कई जगहों पर 2-3 राउंड मतगणना के बाद इसे बंद कर दिया गया है। ऐसी मुझे करीब 100 जगहों से खबर मिल रही है।"

पार्टी सुप्रीमो ने आरोप लगाते हुए कहा कि कल्याणी में 7 ऐसी मशीनें भी मिली हैं जहां कोई समानता नहीं दिख रही है। जबरदस्ती केंद्रीय बल द्वारा तृणमूल पर अत्याचार किया जा रहा है। ऑफिस में तोड़ फोड़ की जा रही है, जबरदस्ती दखल की जा रही है।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि SIR के नाम पर वोट लूटा गया है। ममता बनर्जी ने दावा करते हुए कहा कि अभी भी 60-70 ऐसी सीटें हैं जिसपर हमें बढ़त मिली हुई है लेकिन वे बता नहीं रहे हैं। झूठी खबरों को फैलाया जा रहा है। पहले DISO ये खबरें देते थे लेकिन उन्हें भी कल बदल दिया गया है। उन्होंने चुनाव आयोग पर अपनी मनमर्जी चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग अपनी मर्जी से केंद्रीय बल को लेकर खेल रहा है और हमारी पुलिस सिर झुकाकर केंद्रीय बल के अधीन काम कर रही है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ता और काउंटिंग एजेंट को आश्वस्त करते हुए कहा कि दिल छोटा न करें। मुझे पूरा भरोसा है कि सूर्यास्त तक इंतजार करें। 13 राउंड 14 राउंड के बाद आप जरूर जीतेंगे। Wait & watch. हम सभी आपके साथ हैं। किसी को डरने की कोई जरूरत नहीं है। हम बाघ की तरह लड़ेंगे।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव की मतगणना प्रक्रिया अभी भी चल रही है। पश्चिम बंगाल के साथ-साथ तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में भी मतगणना चल रही है।

Articles you may like:

Election