नई दिल्ली : देश में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों को खारिज करते हुए सरकारी तेल कंपनी भारतीय पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड ने इन्हें पूरी तरह निराधार बताया है। बुधवार को जारी एक बयान में कंपनी ने स्पष्ट किया कि देशभर में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और सप्लाई सिस्टम सामान्य रूप से काम कर रहा है।
कंपनी ने लोगों से अपील की है कि बेवजह घबराकर ईंधन जमा करने की जरूरत नहीं है। BPCL के अनुसार उसकी सभी सेवाएं पूरी तरह सक्रिय हैं और वह लगातार बिना रुकावट ईंधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कंपनी ने यह भी बताया कि भारत पेट्रोल और डीजल के मामले में एक निर्यातक देश है। देश में कच्चे तेल के साथ-साथ पेट्रोल, डीजल और एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) का भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
BPCL ने भरोसा दिलाया कि देश की ईंधन आपूर्ति व्यवस्था में किसी तरह की कोई रुकावट नहीं आई है। सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारु है और आगे भी इसी तरह जारी रहने की उम्मीद है।
सामान्य जनता से यह भी कहा गया है कि वे अफवाहों या अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें और केवल सरकारी या आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही निर्भर रहें। साथ ही बिना जरूरत ईंधन खरीदकर जमा करने से बचने की सलाह दी गई है। कंपनी के मुताबिक देश में ईंधन की स्थिति पूरी तरह स्थिर और संतोषजनक है इसलिए घबराने की कोई वजह नहीं है।