🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

अब 24 घंटे में पहुंचेगा पार्सल: भारत पोस्ट की नई गारंटीड सेवा लॉन्च

छह महानगरों में शुरुआत। फेल होने पर फीस रिफंड, ई-कॉमर्स और आम ग्राहकों के लिए बड़ा बदलाव।

By श्वेता सिंह

Mar 17, 2026 18:46 IST

नई दिल्लीः डाक विभाग ने अपनी सेवाओं को आधुनिक और तेज बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘24 स्पीड पोस्ट’ सेवा लॉन्च की है। इस नई प्रीमियम सेवा के तहत ग्राहकों को अब अगले दिन डिलीवरी की गारंटी मिलेगी। राजधानी दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और संचार राज्य मंत्री चंद्र शेखर पेम्मासानी ने इसका शुभारंभ किया।

इसके साथ ही विभाग ने ‘48 स्पीड पोस्ट’ और ‘24 स्पीड पैस’ जैसी दो अन्य प्रीमियम सेवाएं भी शुरू की हैं। ये सेवाएं पहले पायलट प्रोजेक्ट के रूप में परखी जा चुकी हैं और अब लगभग 98 प्रतिशत सटीकता के साथ देश में लागू की जा रही हैं।

पहले चरण में छह शहरों में सुविधा

नई सेवा फिलहाल देश के छह प्रमुख शहरों-दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद-में उपलब्ध कराई गई है। इन शहरों के सभी पिन कोड इस सेवा के दायरे में होंगे। समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए समर्पित प्रोसेसिंग विंडो और प्राथमिकता आधारित एयर ट्रांसमिशन का इस्तेमाल किया जाएगा। दस्तावेज भेजने के लिए ‘24 स्पीड पोस्ट’ की शुरुआती कीमत लगभग ₹38 रखी गई है, जो वजन के अनुसार बढ़ेगी।

सबसे खास बात यह है कि तय समय पर डिलीवरी नहीं होने पर ग्राहकों को शिपिंग शुल्क वापस मिलने का प्रावधान भी किया गया है। इसके साथ ही रीयल-टाइम ट्रैकिंग, एसएमएस अलर्ट और ओटीपी आधारित सुरक्षित डिलीवरी जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।

वक्त के साथ बदल रहा भारत पोस्ट

लॉन्च के मौके पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत पोस्ट अब तेजी से बदलते समय के साथ कदम मिला रहा है। उन्होंने जोर दिया कि नई सेवाएं ग्राहकों की अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार की गई हैं, जिनमें अत्याधुनिक तकनीक और बेहतर कस्टमर सर्विस शामिल है।

उन्होंने बताया कि भारत पोस्ट का नेटवर्क दुनिया में सबसे बड़ा है, जिसमें करीब 1.65 लाख (1,64,999) पोस्ट ऑफिस शामिल हैं। सरकार का लक्ष्य है कि भारत पोस्ट देश में हर ई-कॉमर्स ट्रांजेक्शन का प्रमुख लॉजिस्टिक्स पार्टनर बने।

डाक विभाग के विस्तार का रोडमैप तैयार

डाक विभाग ने इन सेवाओं के विस्तार का रोडमैप भी तय कर लिया है। सितंबर 2026 तक और अधिक शहरों और मार्गों को जोड़ा जाएगा। वहीं दिसंबर 2026 तक ‘24’ और ‘48 स्पीड पोस्ट’ सेवाएं टी-1 और टी-2 शहरों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। ‘24 स्पीड पैस’ सेवा भी कई नए शहरों में शुरू की जाएगी।

क्यों अहम है यह पहल

नई ‘24 स्पीड पोस्ट’ सेवा को ई-कॉमर्स, छोटे-बड़े कारोबार और व्यक्तिगत उपयोग के लिए गेम-चेंजर माना जा रहा है। पहले से ही स्पीड पोस्ट में उच्च सफलता दर (कई रिपोर्ट्स में 99% तक) रखने वाला भारत पोस्ट अब तय समय की गारंटी के साथ निजी कूरियर कंपनियों को सीधी चुनौती देगा।

विशेष रूप से भारत पोस्ट का विशाल नेटवर्क 90 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों तक फैला है। इसे अन्य लॉजिस्टिक्स सेवाओं से अलग और मजबूत बनाता है। यह पहल डाक विभाग को एक आधुनिक, भरोसेमंद और प्रतिस्पर्धी लॉजिस्टिक्स प्रदाता में बदलने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

Articles you may like: