नयी दिल्लीः दिल्ली के सुल्तानपुरी में पैसे देने से मना करने पर एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गयी। इस मामले में 4 लोग हिरासत में लिये गये हैं जिनमें 2 नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में कथित तौर पर 40 वर्षीय एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना तब हुई जब उसने आरोपियों को पैसे देने से मना कर दिया। पुलिस ने बताया कि एक पार्क में पीड़ित राजेंद्र और आरोपियों-दो पुरुषों और दो नाबालिगों के बीच हाथापाई हो गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "शुरुआत में आरोपियों ने पीड़ित से पैसे मांगे, जिस पर उसने कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं। इसके बाद उन्होंने उसका मोबाइल फोन मांगा, लेकिन जब उसने मना कर दिया, तो वे भड़क गए। आरोपियों में से एक ने उस पर चाकू से वार कर दिया। इसी हाथापाई के दौरान हमलावरों में से एक को भी मामूली चोटें आईं।"
पुलिस ने बताया कि इस घटना का पता तब चला जब संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल से एक व्यक्ति के मेडिको-लीगल केस (MLC) के संबंध में एक कॉल आया।
पुलिस ने बताया कि सुल्तानपुरी निवासी राजेंद्र को चाकू से लगी चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसकी मौत के बाद, BNS (भारतीय न्याय संहिता) के संबंधित प्रावधानों के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने इस मामले के सिलसिले में दो पुरुषों -रतन विहार के राज (23), जिसका फिलहाल सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है और सुल्तानपुरी के करण (23) को हिरासत में लिया है। इनके अलावा दो नाबालिगों को भी पकड़ा है। मामले में आगे की जांच जारी है।