पश्चिम बंगाल सरकार का WBIFMS पोर्टल अचानक नहीं खुल रहा है। दावा किया जा रहा है कि सर्वर में समस्या की वजह से ही यह पोर्टल नहीं खुल रहा है। वित्तीय वर्ष समाप्त होने वाला है, उससे पहले अचानक पोर्टल के न खुलने की वजह से कई महत्वपूर्ण काम भी फंस गए हैं। इस बात को लेकर सरकारी ऑफिस के कर्मचारी काफी परेशान हो रहे हैं। पर क्यों इतना महत्वपूर्ण है यह पोर्टल? कौन-कौन से काम होते हैं इस पोर्टल के माध्यम से?
WBIFMS पोर्टल पश्चिम बंगाल सरकार के वित्तीय विभाग द्वारा संचालित एक डिजिटल पोर्टल है। राज्य सरकार की वित्तीय संचालन को पारदर्शी, स्वच्छ और तेज बनाने के लिए इस पोर्टल को शुरू किया गया था।
कौन-कौन से काम होते हैं?
* सरकारी कर्मचारियों का वेतन (Pay Slip), छुट्टी, सर्विस बुक और तबादले से संबंधित सभी जानकारियां इस पोर्टल पर ही सुरक्षित रहती है।
* विभिन्न सरकारी विभागों के बीच निधि के बंटवारे का काम इसी पोर्टल के माध्यम से किया जाता है।
* इस पोर्टल के माध्यम से लाभान्वितों, ठेकेदारों और कर्मचारियों के बैंक अकाउंट में सीधे रुपया भेज दिया जाता है।
* सरकारी ऑफिस के बिल को ऑनलाइन जमा करने से लेकर उनका स्टेटस जांचने जैसे काम भी इसी पोर्टल के माध्यम से किया जाता है।
* अवकाशप्राप्त कर्मचारियों के पेंशन से जुड़ी सभी जानकारियों और अपडेट को इस पोर्टल पर देखा जा सकता है।
मुख्य तौर पर इस पोर्टल का इस्तेमाल सरकारी कर्मचारी ही करते हैं। बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह से ही यह पोर्टल काम नहीं कर रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि सभी विभागों के अकाउंट सेक्शन का काम इसी पोर्टल के माध्यम से किया जाता है। पोर्टल के न खुलने की वजह से काफी दिक्कतें हो रही हैं।