कोलकाता एयरपोर्ट से एक दुःखद घटना सामने आयी है। बेंगलुरु की उड़ान पकड़ने के लिए कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे एक यात्री की मौत हो गयी। मिली जानकारी के अनुसार निजी एयरलाइंस कंपनी इंडिगो (IndiGo) की उड़ान से अपने पूरे परिवार के साथ बेंगलुरु जाने वाले थे अजय गुप्ता (62)।
बताया जाता है कि कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचने के बाद ही उक्त यात्री की तबीयत बिगड़ने लगी। उनको सीने में दर्द का अनुभव होने लगा।
जब उनकी हालत ज्यादा खराब हुई तो तुरंत एयरपोर्ट के मेडिकल यूनिट के पास ले जाया गया। एयरपोर्ट के डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक इलाज कर स्थिति को संभालने की कोशिश तो की लेकिन उनकी हालत में लगातार गिरावट जारी रही। तुरंत उन्हें एयरपोर्ट से सटे एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।
हालांकि वहां ले जाने के बावजूद उनकी जान नहीं बचायी जा सकी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार उन्हें दिल का तेज दौरा पड़ा था, जिस वजह से उनकी मौत हुई है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों कोलकाता एयरपोर्ट पर आपातकालीन परिस्थिति में विएतनाम एयरलाइंस की एक उड़ान ने एक जर्मन यात्री को मेडिकल इमरजेंसी के तहत उतार दिया था। उक्त जर्मन नागरिक का नाम एम. बुहलाब था जिसे देर रात को बाईपास के पास एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी थी।
उक्त विमान फ्रैंकफ्रुट से हनोई जा रही थी। बताया जाता है कि जर्मनी का नागरिक अकेले ही सफर कर रहा था। उक्त यात्री मस्तिष्क में रक्तस्राव की समस्या से जुझ रहा था।