ईद-उल-जोहा (बकरीद) की छुट्टी को लेकर नवान्न ने नया अपडेट जारी किया है। अब यह सरकारी छुट्टी 28 मई को रहेगी। शुक्रवार को राज्य के वित्त विभाग की ओर से एक विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी गयी है।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि गत 27 नवंबर 2025 को पहला आदेश जारी किया गया था जिसमें कहा गया था कि 26 मई 2026 (मंगलवार) को ईद-उल-जोहा की पूर्व संध्या और 27 मई 2026 (बुधवार) को ईद-उल-जोहा के दिन के रूप में छुट्टी रहेगी।
लेकिन अब प्राप्त जानकारी के अनुसार ईद-उल-जोहा (बकरीद) 28 मई 2026 (गुरुवार) को पड़ रही है। इसलिए उसी दिन सरकारी छुट्टी लागू होगी। इसके साथ ही पूर्व राज्य सरकार द्वारा गत नवंबर में जारी विज्ञप्ति को भी रद्द कर दिया गया है। पहले बकरीद से एक दिन पहले यानी 26 मई और बकरीद के दिन 27 मई को छुट्टी की घोषणा की गयी थी जिसे रद्द कर दिया गया है। चूंकि ईद-उल-जोहा 28 मई को पड़ रही है, इसलिए अब सिर्फ उसी दिन छुट्टी रहेगी।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि 26 मई और 27 मई को सभी सरकारी कार्यालय, संस्थान और सरकार द्वारा संचालित संस्थान सामान्य रूप से खुले रहेंगे। सरकारी छुट्टियों के कैलेंडर के अनुसार अगली छुट्टी 26 जून (शुक्रवार) को मुहर्रम पर होगी। इसके बाद 16 जुलाई (गुरुवार) को रथयात्रा की छुट्टी रहेगी।
15 अगस्त (शनिवार) को स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी होगी। 26 अगस्त (बुधवार) को फतेह-ए-दोआज-दहम और 28 अगस्त (शुक्रवार) को रक्षाबंधन के अवसर पर सरकारी अवकाश रहेगा। इसके बाद ही सितंबर में दुर्गा पूजा की छुट्टियों की गिनती शुरू हो जाएगी। सितंबर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी और विश्वकर्मा पूजा के मौके पर छुट्टी रहेगी। अगली छुट्टी अक्तूबर में 2 तारीख को गांधी जयंती और 10 अक्टूबर को महालया की छुट्टी रहेगी।
इसके बाद दुर्गा पूजा की लगातार छुट्टियां शुरू हो जाएंगी जो 15 अक्टूबर (चतुर्थी) से लेकर 21 अक्टूबर (दशमी) तक जारी रहेगा। इसके अलावा 26 अक्टूबर को कोजागरी लक्ष्मी पूजा के मौके पर भी छुट्टी भी होगी। 8 नवंबर को काली पूजा और 15 नवंबर को छठ पूजा के अवसर पर भी छुट्टी रहेगी।