दो दिनों के दौरे पर दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने शुक्रवार की शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में 'डबल इंजन विकास के नए युग' की शुरुआत हो चुकी है और पारदर्शी शासन को आगे बढ़ाने के लिए बंगाल भाजपा तैयार है।
अपने X हैंडल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फोटो शेयर करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने लिखा, 'हमारे सम्मानीय प्रधानमंत्री से मुलाकात करना मेरे लिए सम्मान की बात है।'
अपने पोस्ट में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में जनता की सेवा की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह मेरी प्रधानमंत्री के साथ पहली आधिकारिक मुलाकात है। मैं प्रधानमंत्री का उनकी हार्दिक शुभकामनाओं के लिए और उससे भी बढ़कर हमारे राज्य की प्रगति के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए गहरा आभार व्यक्त करता हूं।
हमारी फलदायक मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'सबका साथ, सबका विकास' के अपने दृष्टिकोण को फिर से रेखांकित किया और दोहराया कि पश्चिम बंगाल का विकास केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
Honoured and privileged to have met our respected Prime Minister; Shri @narendramodi Ji, in New Delhi today.
— Suvendu Adhikari (@SuvenduWB) May 22, 2026
This marks my first Official Meeting with Hon'ble PM since assuming the responsibility of serving the People of West Bengal as the Chief Minister.
I extend my deepest pic.twitter.com/QS6Yc1LKCk
शुभेंदु अधिकारी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले कई सालों से ठहर चुके बंगाल के आर्थिक विकास, औद्योगिक पुनरुद्धार और युवाओं के सशक्तिकरण की तेज राह पर ले जाने के लिए हर संभव सहायता और केंद्रीय समर्थन का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और केंद्र सरकार के सहयोग के साथ हम पश्चिम बंगाल में ‘डबल-इंजन विकास’, पारदर्शी शासन और समग्र विकास के एक नए युग की शुरुआत करने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की पिछले दिनों ही बंगाल यात्रा के संदर्भ में कहा कि उस समय एक राजनीतिक विवाद पैदा हुई थी क्योंकि तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत नहीं किया था। उन्होंने आगे कहा कि बंगाल यह सुनिश्चित करेगा कि हमारे महान राष्ट्र की सर्वोच्च संवैधानिक प्रमुख के रूप में वह सम्मान, गरिमा और आदर मिले जिसकी आप पूरी तरह से अधिकारी हैं।