🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

IPL 2027 में भी खेलेंगे एमएस धोनी ? CSK कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ से मिला जवाब

एमएस धोनी के अगले सीजन यानी IPL 2027 में खेलने को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने जवाब दिया।

By लखन भारती

May 22, 2026 18:24 IST

महेंद्र सिंह धोनी ने IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक भी मुकाबला नहीं खेला। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली सीएसके बीते गुरुवार (21 मई) गुजरात टाइटंस के खिलाफ 89 रनों से हार का सामना करने के बाद प्लेऑफ की रेस से एलिमिनेट हो गई। धोनी इंजरी के चलते पूरे सीजन टीम के लिए उपलब्ध नहीं रहे। अब गायकवाड़ ने बताया कि क्या माही अगले यानी IPL 2027 में खेलते हुए नजर आएंगे या नहीं।

धोनी की वापसी पर बोले गायकवाड़

गुजरात के खिलाफ मुकाबला हारने के बाद रुतुराज गायकवाड़ से पूछा गया कि क्या हम धोनी को अगले सीजन में खेलता हुआ देखेंगे ? इस सवाल का जवाब देते हुए गायकवाड़ ने कहा, "अगले साल खुद पता चल जाएगा। मुझे भी अगले साल ही पता चलेगा। उनके बगैर खेलना हमारे लिए मुश्किल रहा।"

गायकवाड़ के जवाब से एक बात को साफ नजर आती है कि धोनी का अगला सीजन खेलना सिर्फ वह खुद ही तय करेंगे। माही इस बारे में सोचेंगे कि क्या वह 2027 के आईपीएल में खेलने के लिए तैयार हैं या नहीं।

2026 आईपीएल में क्यों नहीं खेले धोनी ?

बताते चलें कि काफ इंजरी के चलते धोनी सीजन में नहीं खेल पाए। चेन्नई ने 28 मार्च को सीजन की शुरुआत के दिन एक आधिकारिक अपडेट जारी करते हुए बताया था कि माही काफ इंजरी के चलते 2 हफ्तों तक बाहर रह सकते हैं। लेकिन अंतत: वह पूरा सीजन ही नहीं खेल पाए।

आखिरी मैच से पहले अंगूठे में लगी चोट

चेन्नई ने गुजरात के खिलाफ आखिरी लीग मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला। बताया गया कि माही इस मैच से पहले अपने घर रांची लौट गए थे। उन्हें अंगूठे में चोट लगी थी, जिसके चलते उन्होंने घर वापस जाने का फैसला किया।

एमएस धोनी का आईपीएल करियर

धोनी ने अब तक अपने आईपीएल करियर में 278 मुकाबले खेल लिए हैं। इन मैचों की 242 पारियों में बैटिंग करते हुए उन्होंने 38.30 की औसत और 137.45 के स्ट्राइक रेट से 5439 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 24 अर्धशतक निकले, जिसमें हाई स्कोर 84* रनों का रहा।

Articles you may like: