हैदराबाद : इंडियन प्रीमियर लीग में शुक्रवार यानी आज सनराइजर्स हैदराबाद और मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि दांव पर क्वालिफायर-1 में जगह बनाने का अवसर है।
दोनों टीमें पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं लेकिन शीर्ष दो में स्थान हासिल करने वाली टीमों को फाइनल में पहुंचने के लिए दो मौके मिलते हैं। ऐसे में यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण बन गया है।
सनराइजर्स हैदराबाद फिलहाल अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। टीम ने अपने 13 मुकाबलों में से 8 में जीत हासिल की है। दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 13 मैचों में 9 जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर मौजूद है।
सनराइजर्स हैदराबाद को शीर्ष दो में पहुंचने के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बड़े अंतर से हराना होगा।