🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मलेशिया मास्टर्स 2026 में अश्मिता चालिहा का सफर खत्म, क्वार्टर फाइनल में हारीं

क्वार्टर फाइनल में लाइन क्यार्सफेल्ट ने 21-23, 21-18, 21-11 से दर्ज की जीत।

By शिखा सिंह

May 22, 2026 17:10 IST

कुआलालंपुर : मलेशिया मास्टर्स 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत का अभियान शुक्रवार को समाप्त हो गया। भारतीय शटलर अश्मिता चालिहा महिला एकल के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में डेनमार्क की लाइन क्यार्सफेल्ट से हार गईं।

ओलंपिक्स डॉट कॉम के अनुसार अश्मिता ने मुकाबले की शानदार शुरुआत करते हुए पहला गेम अपने नाम किया लेकिन विश्व रैंकिंग में 71वें स्थान पर मौजूद भारतीय खिलाड़ी अंततः दुनिया की 23वें नंबर की खिलाड़ी लाइन क्यार्सफेल्ट से 21-23, 21-18, 21-11 से मुकाबला हार गईं।

भारतीय खिलाड़ी ने शुरुआती दौर में शानदार खेल दिखाया और पहले गेम के मध्यांतर तक 11-6 की बढ़त बना ली थी। हालांकि क्यार्सफेल्ट ने वापसी करते हुए स्कोर 17-17 से बराबर कर लिया लेकिन अश्मिता ने संयम बनाए रखा और तीसरे गेम प्वाइंट का फायदा उठाकर पहला गेम जीत लिया।

दूसरे गेम में मुकाबले का रुख बदल गया। अश्मिता ने यहां भी अच्छी शुरुआत करते हुए 10-5 की बढ़त हासिल की थी लेकिन डेनमार्क की खिलाड़ी ने वापसी करते हुए स्कोर 13-13 से बराबर कर लिया। इसके बाद उन्होंने लगातार चार अंक हासिल कर 18-15 की बढ़त बना ली और आखिरकार मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया।

तीसरा और अंतिम गेम लगभग एकतरफा साबित हुआ। स्कोर 4-4 की बराबरी पर था, तभी क्यार्सफेल्ट ने लगातार चार अंक जीतकर 8-4 की बढ़त बना ली। अश्मिता ने अंतर घटाकर 8-6 किया लेकिन इसके बाद डेनमार्क की खिलाड़ी ने लगातार पांच अंक जीतकर स्कोर 13-6 कर दिया और आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

दोनों खिलाड़ियों के बीच यह दूसरा मुकाबला था। इससे पहले वर्ष 2023 के थाईलैंड मास्टर्स में भी लाइन क्यार्सफेल्ट ने आश्मिता चालिहा को तीन गेम तक चले मुकाबले में हराया था।

इससे पहले गुरुवार को अश्मिता चालिहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया की गोह जिन वेई को 21-13, 21-16 से हराकर महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।

अब भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अगले सप्ताह से शुरू होने वाले सिंगापुर ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता मंगलवार से शुरू होगी।

Articles you may like: