राज्य में सत्ता परिवर्तित हो चुकी है। बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा ने अपनी सरकार बना ली है और इसके साथ ही जनता परिवर्तन का एक नया दौर देख रही है। अब तक आम जनता को सड़कों के किनारे अपनी गाड़ियां रखने के लिए 'पार्किंग दादा' को कभी ₹50 तो कभी ₹100 का नोट थमाना पड़ता था।
यहां तक कि चुनाव से पहले 'टॉक टू मेयर' कार्यक्रम के दौरान एक महिला को कालीघाट और खिदिरपुर के फैंसी मार्केट का उदाहरण देते हुए शिकायत तक दर्ज करानी पड़ी थी। लेकिन हर बार आरोप लगाया जाता था कि नेताओं के साथ सांठगांठ होने की वजह से आरोपियों के खिलाफ पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है।
अब सत्ता परिवर्तन के साथ ही कोलकाता निवासी पुलिस का एक अलग ही रूप देख रहे हैं। पार्किंग सिंडिकेट को समाप्त करने के लिए गड़ियाहाट जैसे व्यस्त इलाके में 'सर्जिकल स्ट्राइक' के तर्ज पर लालबाजार (पुलिस मुख्यालय) ने 'फ्री पार्किंग' का बैनर लटका दिया है।
सिर्फ इतना ही नहीं, किसी भी समस्या की शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस का नंबर (100 और 1073) भी दिया गया है। बताया जाता है कि महानगर के दूसरे हिस्सों में भी जल्द ही यहीं व्यवस्था की जाएगी।
Read Also | महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा! जानिए किन दस्तावेजों से बनेगा खास QR स्मार्ट कार्ड
आरोप है कि गड़ियाहाट ब्रिज से बालीगंज, देशप्रिय पार्क, रूबी-गोलपार्क या टॉलीगंज तक पार्किंग के लिए जोन बनाकर टेंडर आमंत्रित किए जाते थे, जिसके लिए एजेंसियों को भारी रकम चुकानी पड़ती थी। इसके बाद स्थानीय नेताओं के करीबी इनसे ‘सब-टेंडर’ लेते थे।
इसका एक हिस्सा सोना पप्पू उर्फ विश्वजीत पोद्दार जैसे लोगों तक पहुंचाया जाता था। कुल मिलाकर इस अवैध वसूली के कारण आम लोगों पर पार्किंग शुल्क का अतिरिक्त बोझ बढ़ जाता था। लेकिन हाल ही में पार्क सर्कस में हुई गड़बड़ी की घटना के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के ‘जीरो टॉलरेंस’ संदेश के बाद लालबाजार ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
लालबाजार सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार 12 से 21 मई के बीच कोलकाता के विभिन्न इलाकों में अवैध पार्किंग के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान कुल 37,325 मामले दर्ज किए हैं। इसमें सबसे अधिक मामले साउथ ट्रैफिक गार्ड (6,032), हेड क्वार्टर (4,837), ईस्ट ट्रैफिक गार्ड (2,357) और हावड़ा ब्रिज ट्रैफिक गार्ड (2,338) में दर्ज किए गए हैं।
Read Also | 30 मई को महंगाई भत्ता के मुद्दे पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी कर सकते हैं बैठक
कितना है पार्किंग शुल्क?
कोलकाता के किसी भी इलाके में सुबह 7 से रात 10 बजे तक मोटर साइकिल का पार्किंग शुल्क ₹5 है। वहीं चार पहिया गाड़ी का पार्किंग शुल्क प्रति घंटा ₹10 है। मिली जानकारी के अनुसार कोलकाता में 500 से अधिक वैध पार्किंग ज़ोन मौजूद हैं जिनसे प्रति वर्ष कोलकाता नगर निगम (KMC) को करीब 20 करोड़ रुपए की आय होती है।
सिर्फ गड़ियाहाट ही नहीं बल्कि सियालदह, धर्मतल्ला, भवानीपुर, हाथीबगान, खिदिरपुर, राजाबाजार और न्यू अलीपुर समेत अन्य इलाकों से लगातार अवैध पार्किंग व अतिरिक्त पार्किंग शुल्क वसूलने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इस बाबत लालबाजार का कहना है कि अगर पार्किंग एजेंसियों के खिलाफ शिकायतें मिलती हैं तो अब उन्हें 'ब्लैकलिस्ट' करने जैसे कदम भी उठाए जाएंगे।