नई दिल्लीःप्लेऑफ की रेस में बरकरार कोलकाता नाइटराइडर्स को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले से पहले बहुत बड़ा झटका लगा है। आईपीएल 2026 में टीम के टॉप रन स्कोरर अंगकृष रघुवंशी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। पिछले मुकाबले में चोटिल होने के बाद फ्रेंचाइजी ने अब पुष्टि की कि वह अब टूर्नामेंट में आगे नहीं खेल पाएंगे। कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपडेट देते हुए लिखा, ’20 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के दौरान कैच लपकने की कोशिश में अंगकृष रघुवंशी चोटिल हो गए थे। उनके बाएं हाथ की उंगली में फ्रैक्चर हुआ है और सिर में भी चोट लगी है। इस गंभीर चोट के कारण वह आईपीएल 2026 के पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। हम उनके जल्द से जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना करते हैं।’
अंगकृष कैसे हुए चोटिल ?
दरअसल, मुंबई के खिलाफ एक कैच लेने की कोशिश में अंगकृष मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती से जा टकराए। इस जोरदार टक्कर के बाद विकेटकीपिंग कर रहे अंगकृष को मैदान से बाहर जाना पड़ा। चूंकि, उनके सिर में भी चोट लगी थी, ऐसे में मैदान पर तेजस्वी दहिया के रूप में कन्कशन सब्स्टीट्यूट को उतारना पड़ा, जिन्होंने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली और बल्लेबाजी के लिए भी उतरे।
टीम के टॉप रन स्कोरर
अंगकृष 13 मुकाबलों के बाद केकेआर के लिए टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने टीम को कई मुकाबलों में ओपनिंग करते हुए विस्फोटक शुरुआत दिलाई। 12 पारियों में अंगकृष ने 5 अर्धशतकों के साथ 422 रन बनाए। इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर नॉटआउट 82 रन रहा। हालांकि, अब केकेआर को उनकी सेवाएं नहीं मिल पाएंगी।
केकेआर के लिए बड़ा झटका
केकेआर के लिए शानदार फॉर्म में चल रहे अंगकृष का इस तरह से बाहर होना बड़ा झटका है, क्योंकि वह टीम कॉम्बिनेशन का एक अहम हिस्सा रहे। केकेआर प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है। उसके 13 मुकाबलों में 13 अंक हैं और छठे स्थान पर है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केकेआर को अपने आखिरी मैच में जीत मिली तो उसके 15 अंक हो जाएंगे और उसके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना बढ़ जाएंगी। हालांकि, केकेआर को उम्मीद करनी होगी कि पंजाब और राजस्थान की टीमें अपना बचा मुकाबला हार जाएं।