🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए इंग्लैंड रवाना हुई टीम इंडिया, हरमनप्रीत ने जताया भरोसा

विश्व कप से पहले इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी20 मैच खेलेगी टीम इंडिया।

By शिखा सिंह

May 23, 2026 16:36 IST

मुंबई : भारतीय महिला क्रिकेट टीम शनिवार को आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए इंग्लैंड रवाना हो गई। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 12 जून से 5 जुलाई तक इंग्लैंड और वेल्स में खेला जाएगा।

मुंबई से टीम की विदाई के दौरान बड़ी संख्या में प्रशंसक खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे। भारतीय टीम को शानदार विदाई दी गई और खिलाड़ियों में भी विश्व कप को लेकर उत्साह साफ दिखाई दिया।

अनुभवी खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम इस बार आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में हिस्सा लेगी। भारत को ग्रुप-1 में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड जैसी टीमों से होगा।

भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान में खेला जाएगा। भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है।

पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बाद भारतीय टीम लीड्स में नीदरलैंड का सामना करेगी। इसके बाद टीम मैनचेस्टर पहुंचेगी, जहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबला खेला जाएगा। भारत अपना अगला मैच भी मैनचेस्टर में ही बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 28 जून को लंदन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ा मुकाबला होगा।

विश्व कप से पहले कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम को खिताब का मजबूत दावेदार बताया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा भारतीय टीम में चैंपियन बनने की पूरी क्षमता है। हालांकि उन्होंने खिलाड़ियों को संतुलन बनाए रखने और दबाव या जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वास से बचने की सलाह भी दी।

हरमनप्रीत कौर ने कहा, “मैं निश्चित रूप से इस टीम को फेवरेट मानती हूं। आज हमारे पास जो टीम है, उसमें चैंपियन बनने की पूरी क्षमता मौजूद है। हमें न तो किसी तरह का दबाव लेना है और न ही जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वास में रहना है। टी20 क्रिकेट सिर्फ अच्छा क्रिकेट खेलने का नाम है।”

विश्व कप से पहले भारतीय महिला टीम इंग्लैंड में मेजबान टीम के खिलाफ तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की सीरीज भी खेलेगी। पहला मैच 28 मई को होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 30 मई और तीसरा मैच 2 जून को खेला जाएगा। यह सीरीज भारतीय टीम के लिए विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

हाल ही में भारतीय महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली थी। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम को लॉरा वोल्वार्ड्ट की कप्तानी वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम के खिलाफ 4-1 से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में भारतीय टीम विश्व कप से पहले अपनी कमजोरियों को दूर करने की कोशिश करेगी।

आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है :

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव।

Articles you may like: