फोन पर मिल रही लगातार धमकियों के बाद आखिरकार झाड़ग्राम के झालमुड़ी विक्रेता विक्रम कुमार साव की दुकान के सामने केंद्रीय बल के जवानों को तैनात किया गया है। सिर्फ इतना ही नहीं उसकी दुकान में सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया है।
बता दें, चुनाव प्रचार के दौरान झाड़ग्राम पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) खुद अपना काफिला रुकवाकर उसकी दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने विक्रम साव से झालमुड़ी बनवाकर खाया था और इसके बदले में उन्होंने जबरदस्ती उसे ₹10 का एक नोट भी दिया था।
इसका वीडियो जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आधिकारिक X हैंडल से शेयर किया था उसके बाद विक्रम साव रातोंरात सेलिब्रिटी बन गया था।
इसके बाद पिछले कई दिनों से उसे अज्ञात नंबर से जान से मारने की धमकी मिलने लगी। इस बात शिकायत उसने गुरुवार को झाड़ग्राम थाना में दर्ज करवायी। शुक्रवार को पुलिस सुपर मानव सिंगला ने बताया कि विक्रम को अज्ञात नंबर से व्हाट्स ऐप पर लगातार धमकी भरा मैसेज आ रहा है।
Read Also | PM मोदी को झालमुड़ी का स्वाद चखाने वाले विक्रम साहू को मिल रही जान से मारने की धमकी
थाना में जनरल डायरी (GD) किया गया है। जिला पुलिस की ओर से दुकान में एक सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया है। इसके साथ ही केंद्रीय बल के जवानों को भी उसकी दुकान के सामने तैनात किया गया है। बताया जाता है कि दुकान में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है।
विक्रम का आरोप है कि बांग्लादेश और पाकिस्तान के नंबरों से धमकी भरा कॉल आ रहा था। जब मैंने फोन उठाना बंद कर दिया तो मुझे बम मारकर उड़ा देने की धमकी दी जाने लगी। व्हाट्स ऐप मैसेज में भी लगातार डराया जा रहा है कि तुम निशाने पर हो। तुम्हें बम से उड़ा दिया जाएगा। विक्रम ने कहा कि मुझे वीडियो कॉल भी किया गया था। मुझ पर मेरे पूरे परिवार की जिम्मेदारी है। कहीं भी साइकिल से आता-जाता हूं। इसलिए बहुत डर लग रहा है।
Jhalmuri break in Jhargram! pic.twitter.com/LJNjEojAW4
— Narendra Modi (@narendramodi) April 19, 2026
बता दें, विक्रम साव मूल रूप से बिहार के गया जी का रहने वाला है लेकिन पिछले कई सालों से वह परिवार के साथ झाड़ग्राम के स्टेशनपाड़ा में रहता है। उसके परिवार में माता-पिता, पत्नी और एक बेटा है। दुकान चलाने में उसके माता-पिता भी सहयोग करते हैं।
इस बारे में झाड़ग्राम के विधायक लक्ष्मीकांत साव ने कहा कि डरने की कोई बात नहीं है। उसके परिवार को मैंने आश्वस्त किया है। इसके पीछे कोई राजनीतिक षड्यंत्र है या नहीं, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
वहीं बिनपुर के भाजपा विधायक प्रणत टुडू ने आरोप लगाते हुए कहा कि तृणमूल ने कुछ रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को सिर पर चढ़ा रखा था। इसकी वजह से ही हमारे जंगलमहल के दुकानदार और व्यवसायी को पाकिस्तानी और बांग्लादेशी धमकी दे रहे हैं।