जयपुरःराजस्थान की राजधानी जयपुर एक बार फिर दुनिया की बड़ी कूटनीतिक हलचलों का केंद्र बनने जा रही है। इस बार चर्चा अमेरिका से जुड़ी है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो 25 मई को परिवार सहित जयपुर पहुंच सकते हैं। इस प्रस्तावित दौरे को लेकर राजधानी में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि यह दौरा सिर्फ औपचारिक यात्रा नहीं बल्कि भारत और अमेरिका के रिश्तों के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है।
फिलहाल अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के चलते अभी किसी मीटिंग या कोई भी जानकारी साझा नहीं की गई है। सूत्रों की मानें तो अमेरिकी विदेश मंत्री विशेष विमान से दोपहर करीब 2 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर उनके स्वागत की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल एयरपोर्ट से सीधे आमेर फोर्ट के लिए रवाना होगा। जयपुर की विरासत, संस्कृति और राजस्थानी मेहमाननवाजी को इस दौरे का बड़ा हिस्सा माना जा रहा है। यही वजह है कि इस यात्रा को केवल राजनीतिक नजर से नहीं बल्कि सांस्कृतिक कूटनीति के नए अध्याय के तौर पर भी देखा जा रहा है।
सुरक्षा एजेंसियों तक को अलर्ट मोड पर ला दिया है
संभावित कार्यक्रम के अनुसार अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के लिए आमेर किले में खास स्वागत कार्यक्रम रखा गया है। वहां विरासत भ्रमण भी कराया जाएगा ताकि विदेशी मेहमान राजस्थान की ऐतिहासिक पहचान को करीब से देख सकें। जयपुर लंबे समय से विदेशी मेहमानों के लिए खास आकर्षण रहा है और इस दौरे से एक बार फिर पिंक सिटी अंतरराष्ट्रीय मंच पर चर्चा में आ गई है।
सूत्रों के अनुसार प्रतिनिधिमंडल को राजस्थानी संस्कृति, स्थापत्य कला और पारंपरिक आतिथ्य से भी रूबरू कराया जाएगा. प्रशासन की कोशिश है कि दौरे के दौरान जयपुर की ऐतिहासिक छवि और आधुनिक व्यवस्था दोनों की झलक दिखाई जाए। आमेर किले के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को भी काफी मजबूत किया जा रहा है।
रामबाग पैलेस में रुकने की तैयारी
अमेरिकी विदेश मंत्री और उनका प्रतिनिधिमंडल रात में रामबाग पैलेस में ठहर सकता है। रामबाग पैलेस पहले भी कई विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और बड़े मेहमानों की मेजबानी कर चुका है। इसी वजह से इसे विदेशी वीआईपी मेहमानों के लिए प्रतिष्ठित ठिकानों में गिना जाता है।
सूत्रों की मानें तो दौरे को देखते हुए जयपुर पुलिस, खुफिया एजेंसियां और प्रशासन लगातार बैठकों में जुटे हुए हैं। एयरपोर्ट से लेकर होटल और आमेर तक सुरक्षा का पूरा प्लान तैयार किया जा रहा है। कई जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाने की भी चर्चा है।
राजनीतिक जानकार मान रहे हैं कि यह दौरा आने वाले समय में भारत-अमेरिका रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जाएगा। वहीं जयपुर के लिए यह मौका अपनी विरासत और वैश्विक पहचान को फिर से दुनिया के सामने रखने जैसा भी देखा जा रहा है।