रांची : नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता 2026 में शुक्रवार को भारतीय एथलेटिक्स को एक बड़ा नया रिकॉर्ड मिला। पुरुषों की 100 मीटर दौड़ मेंअनिमेष कुजूर ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया।
पुरुषों की 100 मीटर स्पर्धा के सेमीफाइनल में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। सबसे पहले 25 वर्षीय गुरिंदरवीर सिंह ने अनिमेष कुजूर के पिछले साल बनाए गए 10.18 सेकंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ दिया। उन्होंने पहले सेमीफाइनल हीट में 10.17 सेकंड का समय निकाला।
हालांकि यह रिकॉर्ड ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सका। अगले सेमीफाइनल हीट में 22 वर्षीय अनिमेष कुजूर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10.15 सेकंड का समय निकाला और अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड वापस हासिल कर लिया।
अनिमेष ने इस प्रदर्शन के साथ एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) द्वारा राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए तय किए गए 10.16 सेकंड के क्वालिफिकेशन मार्क को भी पार कर लिया।
अब शनिवार को होने वाले पुरुषों की 100 मीटर फाइनल में अनिमेष कुजूर और गुरिंदरवीर सिंह के बीच सीधी टक्कर देखने को मिलेगी। फेडरेशन कप भारत की सबसे प्रतिष्ठित एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में से एक है और इसे राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए चयन ट्रायल के रूप में भी देखा जा रहा है।
राष्ट्रमंडल खेल 2026 का आयोजन 23 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होना है। प्रत्येक देश को ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं के लिए केवल 32 खिलाड़ियों को भेजने की अनुमति होगी। इसी वजह से एएफआई ने विभिन्न स्पर्धाओं के लिए बेहद कड़े क्वालिफिकेशन मानदंड तय किए हैं। पुरुषों की 100 मीटर स्पर्धा में खिलाड़ियों को क्वालिफाई करने के लिए राष्ट्रीय रिकॉर्ड से भी बेहतर प्रदर्शन करना जरूरी रखा गया है।
प्रतियोगिता के पहले दिन 10,000 मीटर, हैमर थ्रो और महिला लंबी कूद के फाइनल मुकाबले भी आयोजित किए गए।
एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता एंसी सोजन ने महिला लंबी कूद में शानदार प्रदर्शन करते हुए 6.75 मीटर की व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ दूरी के साथ पहला स्थान हासिल किया। शैलि सिंह 6.58 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि भवानी यादव ने 6.39 मीटर की छलांग लगाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
महिला डिस्कस थ्रो में सीमा ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए तय 56.85 मीटर के क्वालिफिकेशन मार्क को पार कर लिया। उन्होंने 57.29 मीटर का थ्रो करते हुए पहला स्थान हासिल किया। निधि रानी 55.05 मीटर के साथ दूसरे और कृष्णा जयशंकर 55.00 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
फेडरेशन कप एथलेटिक्स 2026 के पहले दिन के विजेताओं की सूची इस प्रकार रही :
पुरुष 10,000 मीटर (राष्ट्रमंडल खेल क्वालिफिकेशन - 27:39.03)
दीपक भट्ट – 29:42.93 सेकंड
शैलेश खुशवाहा – 29:57.56 सेकंड
प्रशांत चौधरी – 30:36.97 सेकंड
महिला 10,000 मीटर (राष्ट्रमंडल खेल क्वालिफिकेशन - 31:14.14)
रविना गायकवाड़ – 35:30.98 सेकंड
सोनिया – 36:16.22 सेकंड
आरती पवारा – 36:24.79 सेकंड
पुरुष हैमर थ्रो (राष्ट्रमंडल खेल क्वालिफिकेशन - 73.09 मीटर)
आशीष जाखड़ – 68.52 मीटर
दमनीत सिंह – 67.62 मीटर
अजय कुमार – 64.93 मीटर
महिला लंबी कूद (राष्ट्रमंडल खेल क्वालिफिकेशन - 6.84 मीटर)
एंसी सोजन – 6.75 मीटर
शैलि सिंह – 6.58 मीटर
भवानी यादव – 6.39 मीटर
महिला डिस्कस थ्रो (राष्ट्रमंडल खेल क्वालिफिकेशन - 56.85 मीटर)
सीमा – 57.29 मीटर
निधि रानी – 55.05 मीटर
कृष्णा जयशंकर – 55.00 मीटर
पुरुष 3000 मीटर स्टीपलचेज (राष्ट्रमंडल खेल क्वालिफिकेशन - 8:30.26)
बलकिशन – 8:56.01 सेकंड
शारुक खान – 8:56.63 सेकंड
सुनील जिनाभाई – 8:58.3 सेकंड
महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज (राष्ट्रमंडल खेल क्वालिफिकेशन - 9:27.41)
अंकिता – 9:48.16 सेकंड
प्राची देवकर – 10:16.29 सेकंड
अंजू – 10:28.23 सेकंड।