मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद से ही शुभेंदु अधिकारी लगातार राज्य के अलग-अलग जनहितकारी सेवाओं में परिवर्तन के साथ-साथ उन्हें बेहतर बनाने की कोशिशों में लगे हुए हैं। इसी क्रम में राज्य के स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में परिवर्तन लाने के उद्देश्य से शनिवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद नवान्न में उन्होंने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीकाकरण
संवाददाताओं से बात करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि बंगाल के निवासियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीका दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बंगाल में सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीकाकरण 30 मई से शुरू होने वाला है। केंद्र सरकार की इस परियोजना के अंतर्गत राज्य की 7 लाख से अधिक नाबालिकाओं को टीके का डोज दिया जाएगा।
Read Also | अगर केंद्र सरकार की योजनाओं का ही नाम बदल दिया जाएगा तो कैसे मिलेगा आवंटन : शुभेंदु अधिकारी
आयुष्मान भारत का हेल्थ कार्ड
शनिवार को नवान्न में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि जुलाई माह से ही आयुष्मान भारत का कार्ड वितरण शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि 6 करोड़ से अधिक उपभोक्ता जो स्वास्थ्य साथी से जुड़े हुए हैं उन्हें सबसे पहले आयुष्मान भारत कार्ड देने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के पास स्वास्थ्य साथी कार्ड नहीं है, उन्हें भी चरणबद्ध तरीके से इस परियोजना से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेशनल हेल्थ मिशन के तहत भारत सरकार ने राज्य को ₹2103 करोड़ रुपए की वित्तीय मदद की है। इसकी पहली किस्त ₹500 करोड़ की है जिसे शनिवार को राज्य सरकार को सौंप दी गयी है। इसके साथ ही आयुष्मान भारत परियोजना के लिए ₹976 करोड़ भी आवंटित किया गया है। शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र बनाने को लेकर भी नई घोषणा की।
उन्होंने बताया कि राज्य में कुल 496 दवा विक्रय केंद्र बनाने की योजना है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि लाइलाज बीमारियों की दवाईयों में 80 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। उन्होंने इसे उदाहरण देते हुए समझाया कि सामान्य बीमारियों के लिए एक परिवार को अगर दवा खरीदने में ₹2000 खर्च करने पड़ते होंगे तो इस केंद्र से दवा खरीदने पर उनका महज ₹200 ही खर्च होगा।