🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पुडुचेरी में शुरू हुई 76वीं राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप, मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने किया उद्घाटन

बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया और पीबीए ने मिलकर किए भव्य आयोजन के इंतजाम।

By शिखा सिंह

May 23, 2026 17:30 IST

पुडुचेरी : 76वीं राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप का शुक्रवार को पुडुचेरी के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। देश के विभिन्न राज्यों से आए बास्केटबॉल खिलाड़ी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।

इस बड़े खेल आयोजन का उद्घाटन पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी और तमिलनाडु के खेल विकास मंत्री आधव अर्जुन ने संयुक्त रूप से किया। दोनों अतिथियों ने राष्ट्रीय ध्वज और बास्केटबॉल फेडरेशन के ध्वज को फहराकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का आयोजन बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) और पांडिचेरी बास्केटबॉल एसोसिएशन (पीबीए) के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है। टूर्नामेंट के सफल संचालन और खिलाड़ियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आयोजकों की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।

76वीं राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा ले रही उत्तर प्रदेश टीम की सदस्य दीपिका ने टीम के आत्मविश्वास और आपसी तालमेल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरी टीम एक परिवार की तरह खेल रही है और खिलाड़ियों के बीच शानदार समन्वय देखने को मिल रहा है।

दीपिका ने पुडुचेरी में खिलाड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि यहां का वातावरण, रहने की सुविधा और आयोजन स्थल की सजावट काफी अच्छी है, जिससे खिलाड़ियों को सकारात्मक माहौल मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि हम उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व एक परिवार की तरह कर रहे हैं। हमारी टीम में बेहतरीन तालमेल है और हम पूरे आत्मविश्वास के साथ खेल रहे हैं। यहां रहने की व्यवस्था बहुत अच्छी है। वातावरण और सजावट भी बेहद शानदार है। हमें उम्मीद है कि हम इस टूर्नामेंट को जीतने में सफल रहेंगे।

दीपिका ने यह भी बताया कि टीम के कई खिलाड़ी पहली बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। उनके अनुसार, पुडुचेरी आने का यह अनुभव खिलाड़ियों के लिए बेहद खास है और सभी खिलाड़ी पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में उतर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा, “हम पहली बार पुडुचेरी आए हैं। हमारी टीम के कई खिलाड़ी पहली बार नेशनल चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे हैं, इसलिए सभी के लिए यह अनुभव काफी यादगार है।”

Articles you may like: