अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) को सीआईडी ने तीसरा नोटिस जारी किया है। दूसरी बार नोटिस मिलने के बाद अभिषेक बनर्जी सोमवार (8 जून) को भी CID के सामने अपनी उपस्थिति को टाल गए। इसके बाद शाम को एक बार फिर से कालीघाट रोड पर स्थित उनके घर पर CID की टीम पहुंची। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव को तीसरी बार नोटिस दिया गया।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार कल यानी 9 जून (मंगलवार) को ही शाम 5 बजे तक अभिषेक बनर्जी को भवानी भवन में उपस्थित होने के लिए कहा गया है। बता दें, विधानसभा में हस्ताक्षर विवाद की वजह से ही जांच अधिकारियों ने सबसे पहले अभिषेक बनर्जी को पूछताछ के लिए बुलाया था।
विरोधी पार्टी के नेता के तौर पर शोभनदेव चट्टोपाध्याय के नाम की घोषणा करते हुए विधानसभा स्पीकर को जो पत्र भेजा गया था, वह पत्र सांसद अभिषेक बनर्जी ने लिखा था।
Read Also | अभिषेक बनर्जी को भवानी भवन में सोमवार को CID ने किया तलब
इस पत्र में 70 विधायकों के हस्ताक्षर होने की बात भी कही गयी थी। हालांकि कुछ हस्ताक्षर ब्लॉक लेटर में किए गए थे। इसके बाद ही आरोप लगाया गया कि कुछ विधायकों ने खुद हस्ताक्षर नहीं किया है यानी उनके हस्ताक्षरों की नकल की गयी है।
इसके बाद 27 मई को तृणमूल के दो विधायक (जो वर्तमान में निष्कासित हैं), ऋतव्रत बंद्योपाध्याय और संदीपन साहा ने विधानसभा स्पीकर के पास शिकायत दर्ज करवायी। उनकी शिकायतों के आधार पर ही स्पीकर के कहने पर प्रिंसिपल सेक्रेटरी ने हेयर स्ट्रीट थाना में FIR दर्ज करवायी।
गृह सचिव के निर्देश पर जांच की जिम्मेदारी CID को सौंपी गयी। इसके बाद अभिषेक बनर्जी को पहला नोटिस देकर 1 जून को पूछताछ के लिए बुलाया गया। उससे ठीक 2 दिनों पहले ही वह सोनारपुर में जनता के गुस्से का शिकार हुए। 'शारीरिक रूप से अस्वस्थता' का हवाला देते हुए वह 1 जून को CID के सामने उपस्थित नहीं हुए।
Read Also | हस्ताक्षर विवाद में अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ीं, CID ने भेजा दूसरा नोटिस
उसी दिन (1 जून) की शाम को ही कालीघाट रोड पर स्थित उनके घर पर CID की टीम पहुंची। दूसरी नोटिस दी गयी और आज यानी 8 जून की दोपहर 12 बजे तक भवानी भवन में उपस्थित होने के लिए कहा गया। आज इंडी ब्लॉक की बैठक में अभिषेक बनर्जी दिल्ली में हैं। इस बात का हवाला देते हुए वह दूसरी बार भी उपस्थिति को टाल गए।
इसके बाद ही आज (8 जून) की शाम को उनके घर पर फिर से CID की टीम पहुंची और घर के कर्मचारियों को नोटिस देकर गयी। बताया जाता है कि इस पूरे प्रकरण की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गयी है। अब देखने वाली बात होगी कि क्या कल (9 जून) अभिषेक बनर्जी CID के सामने उपस्थित होते हैं या फिर से टाल जाते हैं।