🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

ईरान-इज़रायल के बीच फिर भड़का सैन्य संघर्ष, पश्चिम एशिया में बढ़ा युद्ध का खतरा

भारत ने ईरान में रह रहे नागरिकों को जारी की नई एडवाइजरी, जल्द लौटने की सलाह।

By रजनीश प्रसाद

Jun 08, 2026 18:17 IST

तेहरान : पश्चिम एशिया में एक बार फिर युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। लगभग दो महीने पहले लागू हुए युद्धविराम के बाद पहली बार ईरान ने सीधे इज़रायल पर मिसाइल हमला किया जिसके जवाब में इज़रायल ने मध्य और पश्चिमी ईरान के कई ठिकानों पर हवाई हमले किए। दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य टकराव से पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए नई यात्रा सलाह (ट्रैवल एडवाइजरी) जारी की है। भारतीयों को जल्द से जल्द ईरान छोड़ने की सलाह दी गई है। साथ ही उन्हें भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने और स्थानीय सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

भारत सरकार का यह कदम दर्शाता है कि नई दिल्ली तेहरान और तेल अवीव के बीच बढ़ते तनाव को गंभीरता से देख रही है। ईरान में रह रहे भारतीय छात्रों, व्यापारियों, तीर्थयात्रियों और अन्य नागरिकों की सुरक्षा सरकार की प्रमुख चिंता बनी हुई है।

संघर्ष बढ़ने के बाद क्षेत्रीय सुरक्षा पर भी असर पड़ा है। इराक और सीरिया ने एहतियातन अपने हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है जबकि ईरान ने भी अपने पश्चिमी हवाई क्षेत्र में प्रतिबंध लागू किए हैं।

रविवार रात दोनों देशों ने एक-दूसरे पर नए सिरे से हमले किए जिससे अप्रैल में लागू युद्धविराम पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच चल रही शांति वार्ताएं भी पिछले कुछ दिनों से विभिन्न कारणों से बाधित बताई जा रही हैं।

इज़रायली सेना के अनुसार उत्तरी इज़रायल की ओर कई मिसाइलें दागी गईं जिसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में सायरन बजने लगे और वायु रक्षा प्रणाली सक्रिय कर दी गई। इज़रायल का दावा है कि अधिकांश मिसाइलों को रास्ते में ही नष्ट कर दिया गया। तेल अवीव ने इस हमले को युद्धविराम का गंभीर उल्लंघन बताया है।

वहीं जवाबी कार्रवाई में इज़रायल ने ईरान के माहशहर स्थित एक पेट्रोकेमिकल संयंत्र को निशाना बनाया। दूसरी ओर ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया कि उसने इज़रायल के नेवातिम और तेल नोफ वायुसेना अड्डों पर हमला कर जवाबी कार्रवाई की है। बढ़ते सैन्य टकराव ने पूरे पश्चिम एशिया में बड़े संघर्ष की आशंका को फिर से बढ़ा दिया है।

Articles you may like: