न्यू अलीपुर के अरूप व स्वरूप 'विश्वास ब्रदर्स' में से छोटे स्वरूप विश्वास कुछ दिनों पहले ही जबरन वसूली और छेड़छाड़ के आरोपों में गिरफ्तार हो चुके हैं। सोमवार (8 जून) की सुबह साहपुर कॉलेनी में उनके फ्लैट पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तलाशी अभियान के दौरान फ्लैट के अंदर से एक गुप्त कमरे की जानकारी मिली है। उस कमरे में आखिर ऐसा क्या है? ऐसी कौन सी चीज है जिसे छिपा कर रखने के लिए 'गुप्त' कमरे का निर्माण किया गया? इस बात को लेकर चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं।
तलाशी के दौरान साहपुर कॉलेनी में विश्वास ब्रदर्स के फ्लैट में पुलिस को एक गुप्त दरवाजा दिखाई दिया। उस दरवाजे पर ताला लटक रहा था। ताला भी कोई ऐसा-वैसा या सामान्य सा नहीं बल्कि डिजिटल लॉक लगाया हुआ था। दो चाभीवालों को बुलाकर पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया। हालांकि उस कमरे में ऐसी क्या चीज रखी हुई है, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
Read Also | साड़ियों के ढेर में छिपा था तृणमूल नेता, लंबी तलाश के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
बता दें, स्वरूप विश्वास तृणमूल के पूर्व मंत्री अरूप विश्वास के भाई हैं, जो एक समय टॉलीवुड के 'सर्वेसर्वा' बन गए थे। उनपर न सिर्फ 'बैन संस्कृति' को बनाने का आरोप लगाया गया है बल्कि जबरन वसूली के साथ-साथ एक मेकअप आर्टिस्ट से छेड़छाड़ की कोशिश की शिकायत के आधार पर ही उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
8 जून को स्वरूप विश्वास को साथ लेकर ही साहपुर कॉलोनी में पुलिस पहुंची। बताया जाता है कि तलाशी के साथ-साथ स्वरूप विश्वास के परिवार के लोगों से भी पूछताछ की गयी।
गौरतलब है कि पिछले करीब 2 दशक से कोलकाता के सबसे लोकप्रिय दुर्गापूजा क्लब सुरुचि संघ के ऑफिस में गत शुक्रवार (5 जून) को स्थानीय लोगों ने तोड़फोड़ की।
क्लब के अंदर एक किंग साइज बेड, अत्याधुनिक शौचालय, एसी, महंगा पंखा के साथ-साथ भारी संख्या में सरकारी पेयजल 'प्राणधारा' का बोतल और राहत सामग्री के रूप में दी जाने वाली साड़ियां रखी हुई थी। बता दें, यह क्लब मुख्य रूप से राज्य के पूर्व मंत्री अरूप विश्वास और उनके भाई स्वरूप विश्वास का करीबी होने का दावा किया जाता है।