बेटे की याद में पिता ने बनाया 'आरूष आंगन', अब कैंसर से जूझ रहे बच्चों को मिलेगा इलाज
कोलकाताः महानगर के न्यूटाउन स्थित हाथीशाला क्षेत्र में कैंसर से पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों के लिए एक अनूठी पहल के तहत “होम अवे फ्रॉम होम” नामक केंद्र की शुरुआत की गई है। इस केंद्र का नाम ‘आरूष आंगन’ रखा गया है। यहां कैंसर से जूझ रहे बच्चों के उपचार के साथ-साथ उनके परिजनों के ठहरने और भोजन की भी निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी।
‘आरूष आंगन’ की स्थापना आरूष चक्रवर्ती की स्मृति में की गई है, जो कैंसर से पीड़ित था और उपचार के दौरान जीवन की जंग हार गया था। बेटे को खोने के गहरे दुख के बावजूद उसके पिता अभिजीत चक्रवर्ती ने यह संकल्प लिया कि भविष्य में किसी अन्य बच्चे और उसके परिवार को ऐसी कठिन परिस्थितियों में अकेला न पड़ना पड़े। इसी उद्देश्य के साथ उन्होंने इस सेवा केंद्र की स्थापना की।
रविवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में विभिन्न अस्पतालों के चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता और कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि कैंसर से पीड़ित बच्चों और उनके अभिभावकों ने स्वयं ‘आरूष आंगन’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि वर्ष 2020 में भूमि खरीदने के साथ इस परियोजना की शुरुआत हुई थी। इसके बाद वर्ष 2022 में भवन की नींव रखी गई और अब यह सपना साकार रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े छह वर्षों के दौरान मिले सहयोग, प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के बिना यह संभव नहीं हो पाता।
उन्होंने कहा कि ‘आरूष आंगन’ का मुख्य उद्देश्य कैंसर से पीड़ित बच्चों को बेहतर उपचार, सुरक्षित वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें जीवन की लड़ाई जीतने में मदद करना है। उद्घाटन समारोह के दौरान अतिथियों का सम्मान किया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। आयोजकों ने इस मानवीय पहल को सफल बनाने में समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की।