कोलकाता: विश्व साइकिल दिवस 2026 के अवसर पर रविवार को प्रतिष्ठित विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (वीवाईबीके), कोलकाता में आयोजित ‘फिट इंडिया – संडेज़ ऑन साइकिल’ कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग के मंत्री-प्रभारी निशीथ प्रमाणिक ने नेतृत्व किया। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार के माननीय कैबिनेट मंत्री डॉ. शरदवत मुखर्जी, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी अशोक डिंडा तथा अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के अध्यक्ष कल्याण चौबे भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मंच पर भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), नेताजी सुभाष पूर्वी केंद्र, कोलकाता के क्षेत्रीय निदेशक (प्रभारी) शिवानंद मिश्रा तथा पश्चिम बंगाल सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग के प्रधान सचिव राजेश कुमार सिन्हा भी उपस्थित थे।
इसके अतिरिक्त, पश्चिम बंगाल सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग के विशेष सचिव दिनेश चंद्र मंडल, कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद, ओलंपियन सोमा विश्वास तथा बोम्बायला देवी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
उत्साह से भरे प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए निशीथ प्रमाणिक ने कहा, "यह भारत सरकार की एक अनूठी पहल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फिटनेस का आह्वान प्रत्येक नागरिक को सक्रिय और स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करता है। फिटनेस से जुड़ी समस्याओं के लिए डॉक्टर के पास जाने से पहले लोगों को साइकिल चलाने जैसी गतिविधियों को अपनाना चाहिए। प्रतिदिन केवल 30 मिनट की साइकिलिंग स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकती है। इस प्रकार के आयोजन वर्ष 2036 में भारत में ओलंपिक खेलों के आयोजन की हमारी दावेदारी को भी मजबूत करेंगे। वे धन्यवाद के पात्र हैं जो स्वेच्छा से इस अभियान का हिस्सा बने हैं और अपने तरीके से फिट एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान दे रहे हैं।"
इस अवसर पर मंत्री ने पश्चिम बंगाल में खेलों के स्तर को और ऊंचा उठाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी कीं। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों को अब 8 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को 7 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं को 6 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही खिलाड़ियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) स्तर तक सरकारी सेवाओं में नियुक्ति देने की भी घोषणा की गई।
पश्चिम बंगाल सरकार के माननीय कैबिनेट मंत्री डॉ. शरदवत मुखर्जी ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘फिट इंडिया– संडेज़ ऑन साइकिल’ पश्चिम बंगाल को राष्ट्रीय स्तर पर एक खेल शक्ति के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा, "हम प्रधानमंत्री मोदी के फिट और स्वस्थ भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसी दूरदर्शी पहलें देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने में अभूतपूर्व भूमिका निभा रही हैं।"
इस अवसर पर भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), नेताजी सुभाष पूर्वी केंद्र, कोलकाता के क्षेत्रीय निदेशक (प्रभारी) शिवानंद मिश्रा ने कहा, "‘फिट इंडिया – संडेज़ ऑन साइकिल’ आज एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर कोलकाता में 5,000 से अधिक लोगों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। साइकिलिंग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का एक प्रभावी माध्यम है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लक्ष्य को भी मजबूत करती है। भारतीय खेल प्राधिकरण का प्रयास है कि खेल और फिटनेस की संस्कृति को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाए तथा युवाओं को सक्रिय एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।"
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि फिट इंडिया आंदोलन को और अधिक व्यापक बनाया जा सके। बता दें कि अब तक इस साइकिलिंग आंदोलन से देशभर में 30 लाख से अधिक फिटनेस प्रेमी जुड़ चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान एक विशेष स्पोर्ट्स एवं फन ज़ोन भी बनाया गया था, जहां प्रतिभागियों ने पुश-अप चैलेंज, लूडो, जंपिंग चैलेंज, डार्ट प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। ‘फिट इंडिया – संडेज़ ऑन साइकिल’ का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (MYAS) द्वारा भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) तथा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) के सक्रिय सहयोग से किया जाता है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के 250 से अधिक कैडेटों के अलावा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), पश्चिम बंगाल पुलिस तथा कोलकाता के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। उल्लेखनीय है कि यह साइकिल अभियान देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक साथ आयोजित किया जाता है। इसके अंतर्गत भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों (NCOEs), खेल प्रशिक्षण केंद्रों (STCs), खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्रों (KISCEs) तथा खेलो इंडिया केंद्रों (KICs) में समानांतर रूप से कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।