सत्ता की बागडोर संभालने के बाद ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट कर दिया था कि कोई भी अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सत्ता परिवर्तन होने के बाद से ही जिन जमीनों पर अवैध कब्जा कर लिया गया था उन्हें वापस दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गयी है।
इसी क्रम में कोलकाता के बेलियाघाटा इलाके में अवैध कब्जा हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई की गयी। आरोप है कि अवैध कब्जा कर जमीन हथियाने के बाद तृणमूल ने वहां पर अपना पार्टी ऑफिस बना दिया था।
अब उस जमीन को मूल मालिक को वापस दिलाने के लिए पार्टी ऑफिस के अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस ने निजी स्वामित्व वाली जमीन पर कब्जा करके पार्टी कार्यालय बना दिया था। यह मामला वार्ड नंबर 57 के 52C देवेंद्र चंद्र दे रोड का है। जमीन के मालिक का नाम मानिकलाल कुंडू बताया जाता है जिनके नाम पर उस जमीन के वैध दस्तावेज और रिकॉर्ड मौजूद हैं।
आरोप है कि जब वर्ष 2011 में राज्य की सत्ता तृणमूल के हाथों में गयी तो मालिक पर दबाव बनाकर उस जमीन के सड़क की ओर वाले हिस्से को लिखवा लिया गया था। आरोप है कि इसके बाद वहां पार्टी ऑफिस बनाया गया और पिछले लगभग 15 सालों से वहां पार्टी कार्यालय ही चल रहा था।
Read Also | कोलकाता में पार्किंग शुल्क को लेकर मनमानी और अवैध पार्किंग को रोकने के लिए लालबाजार सक्रिय
इसके बाद 4 मई को जब राज्य में राजनीतिक बदलाव आया तो उसके बाद उक्त पार्टी कार्यालय में भगवा झंडा भी दिखाई देने लगा। आरोप यह भी है कि जो लोग पहले तृणमूल का कार्यालय चलाते थे उन्होंने ही इसका रंग बदलकर उसे भाजपा का कार्यालय बना दिया। इसके साथ ही वहां ‘माठपुकुर व्यायाम समिति क्लब’ का बोर्ड लगा दिया।
इसके बाद जमीन के दस्तावेज लेकर जमीन के मालिक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य के पास पहुंचे। दस्तावेजों की जांच के बाद उन्होंने जमीन वापस करने का निर्देश दिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश के अनुसार ही भाजपा नेता अर्चना मजूमदार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं। इसके बाद पार्टी कार्यालय को खाली कराया गया और अवैध निर्माण को बुलडोजर की मदद से गिरा दिया गया।
मीडिया से बात करते हुए अर्चना मजूमदार ने कहा कि अवैध कब्जे से जमीन को मुक्त कराना ही हमारा लक्ष्य है। अगर कोई भाजपा का नाम या उसके रंग का इस्तेमाल करके अवैध कार्य करता है तो हम तुरंत मौके पर जाकर वास्तविक मालिक को उसकी संपत्ति वापस दिलाएंगे। हम चाहते हैं कि ऐसी समस्याएं जड़ से खत्म हों। इसलिए हम हर इलाके में अभियान चला रहे हैं। जहां भी अवैध कब्जा होगा उसे हटाया जाएगा।