मधुबनी: बिहार के सीमावर्ती जिलों के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मधुबनी जिले के लौकहा बाजार रेलवे स्टेशन पर वाशिंग पिट और शंटिंग लाइन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। रेलवे ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले 15 महीनों में निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है। यानी यह परियोजना वर्ष 2027 के उत्तरार्ध तक पूरी हो जाएगी।
लाखों रेल यात्रियों को सीधा लाभ
इस जानकारी को जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए साझा किया और खुशी जताई है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से मधुबनी और आसपास के सीमावर्ती जिलों के लाखों रेल यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेल कनेक्टिविटी और मजबूत
लौकहा बाजार रेलवे स्टेशन नेपाल सीमा के करीब स्थित है। यहां वाशिंग पिट बनने से ट्रेनों की सफाई और रखरखाव की सुविधा यहीं उपलब्ध हो सकेगी। इससे इस स्टेशन से लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन भी शुरू किया जा सकेगा, जिससे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
यात्री सुविधाओं को मजबूत करने की मांग
संजय कुमार झा ने बताया कि उन्होंने 12 सितंबर 2024 को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर उत्तर बिहार में रेल नेटवर्क के विस्तार, ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और यात्री सुविधाओं को मजबूत करने की मांग रखी थी। इसी मांग में लौकहा बाजार स्टेशन पर वाशिंग पिट निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल था।
विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी
इस परियोजना के शुरू होने से न सिर्फ यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि इलाके के विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी। स्थानीय लोगों में इस फैसले को लेकर खुशी का माहौल है और इसे मिथिलांचल के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है।