बीजपुर विधानसभा केंद्र अंतर्गत कांचरापाड़ा में एक निर्दलीय उम्मीदवार के साथ तृणमूल के एक पार्षद की हाथापाई का मामला सामने आया है। इसके साथ ही भाजपा प्रत्याशी के साथ भी तीखी बहसबाजी हुई है। इसके बाद से इलाके में तनाव देखा जा रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय बल मौके पर पहुंच चुकी है।
बुधवार को राज्य में दूसरे चरण का मतदान चल रहा है। मतदान शुरू होने के बाद से ही अलग-अलग जगहों से छिटपुट अशांति की खबरें सामने आ रही हैं। इसी क्रम में कांचरापाड़ा नगर पालिका के वार्ड नंबर 5 के बूथ नंबर 134 क्षेत्र में तनाव फैल गया। स्थानीय पार्षद कल्याण कर पर आरोप लगाया गया है कि वह मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में घूम रहे थे।
Read Also | भवानीपुर के मतदान केंद्र पर ममता बनर्जी-शुभेंदु अधिकारी आमने-सामने
विपक्षी पार्टियों ने इस पर आपत्ति जतायी। इसके बाद ही भाजपा प्रत्याशी सुदीप्ता दास और कल्याण कर के बीच तीखी बहसबाजी हुई। इस बहस में बाद में एक निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल हो गए।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बहस के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कल्याम कर और निर्दलीय उम्मीदवार के बीच मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
इसके साथ ही उत्तर 24 परगना जिले के हाड़वा विधानसभा केंद्र के बूथ नंबर 24 के क्षेत्र के दंडापुर ग्राम पंचायत के कमिगाछी गांव में भी तनावपूर्ण माहौल बन गया। आरोप लगाया जा रहा है कि इलाके में अशांति फैलाने के उद्देश्य से तृणमूल कांग्रेस के कुछ लोग गांव में दाखिल हुए। हालांकि ISF के कार्यकर्ताओं ने उन्हें वहां से भगा दिया। इसके बाद माहौल काफी तनावपूर्ण बन गया।
ISF का दावा है कि तृणमूल के लोग बाद में क्षेत्र छोड़कर चले गए। उन्होंने केंद्रीय बलों की अनुपस्थिति पर भी नाराजगी जताई और कहा कि मौके पर कोई भी जवान दिखाई नहीं दिया। वहीं तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वास्तव में ISF ही इलाके में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहा है।