नई दिल्ली: देश में हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए 15 मार्च से टिकट महंगे हो सकते हैं। निजी एयरलाइन अकासा एयर (Akasa Air) ने बढ़ती ईंधन लागत का हवाला देते हुए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर नया फ्यूल सरचार्ज (Fuel Surcharge) लगाने की घोषणा की है। यह अतिरिक्त शुल्क 15 मार्च 2026 की रात 00:01 बजे के बाद की गई सभी नई बुकिंग पर लागू होगा।
एयरलाइन के अनुसार, यह फ्यूल सरचार्ज प्रति सेक्टर 199 रुपये से 1300 रुपये तक होगा। यह उड़ान की अवधि के आधार पर तय किया जाएगा। हालांकि 15 मार्च से पहले की गई बुकिंग पर यह शुल्क लागू नहीं होगा।
ATF की कीमतों में तेज बढ़ोतरी
अकासा एयर (Akasa Air) ने अपने बयान में कहा कि हाल के दिनों में एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसके पीछे मिडिल ईस्ट में बदलती भू-राजनीतिक परिस्थितियों को प्रमुख कारण बताया गया है।
एयरलाइन के मुताबिक, ईंधन किसी भी एयरलाइन की संचालन लागत का बड़ा हिस्सा होता है, इसलिए ATF के महंगे होने का असर पूरे विमानन उद्योग की लागत पर पड़ता है।
अकासा एयर (Akasa Air) ने कहा,“ATF की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के कारण 15 मार्च 2026 को 00:01 बजे के बाद की जाने वाली सभी बुकिंग पर 199 रुपये से 1300 रुपये तक का फ्यूल सरचार्ज लगाया जाएगा। यह शुल्क प्रति सेक्टर लागू होगा और उड़ान की अवधि के अनुसार अलग-अलग होगा।”
यात्रियों को सेवा और किफायती किराए का भरोसा
एयरलाइन ने यह भी कहा कि वह यात्रियों को बेहतर ग्राहक सेवा, भरोसेमंद संचालन और किफायती किराए देने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि वह परिचालन परिस्थितियों पर लगातार नजर रखेगी और समय-समय पर इस फ्यूल सरचार्ज की समीक्षा करती रहेगी।
एयर इंडिया भी बढ़ा चुका है फ्यूल सरचार्ज
इससे पहले एयर इंडिया (Air India) भी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने की घोषणा कर चुका है। एयरलाइन ने बताया था कि जेट फ्यूल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है। खासकर गल्प क्षेत्र की भू-राजनीतिक स्थिति के कारण, यह कदम उठाना पड़ा है।
Air India के अनुसार, ATF किसी एयरलाइन की कुल परिचालन लागत का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा होता है। मार्च 2026 की शुरुआत से आपूर्ति में बाधा आने के कारण इसकी कीमतों में काफी बढ़ोतरी देखी गई है।
एयरलाइन ने यह भी बताया कि नया फ्यूल सरचार्ज तीन चरणों में लागू किया जाएगा और यह एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) सहित सभी उड़ानों पर लागू होगा।