पाकिस्तान की टीम इन दिनों बांग्लादेश दौरे पर है और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है। शुक्रवार को मीरपुर में खेले गए दूसरे वनडे मैच में पाकिस्तान के बल्लेबाज सलमान आगा रनआउट होने के बाद नाराज हो गए थे और उन्होंने हेलमेट और ग्लव्स मैदान पर फेंक दिए थे। अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने आचार संहिता का उल्लंघन करने पर आगा को आधिकारिक रूप से फटकार लगाई है।
आईसीसी ने क्या कहा ?
आईसीसी ने बताया कि आगा ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए निर्धारित आईसीसी की आचार संहिता के लेवल-1 नियम का उल्लंघन किया है। यह मामला अनुच्छेद 2.2 से जुड़ा है, जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, कपड़ों या मैदान की वस्तुओं के दुरुपयोग से संबंधित है।
कैसे रन आउट हुए आगा ?
--यह घटना पाकिस्तान पारी के 39वें ओवर में घटी।
--मेहदी हसन मिराज की गेंद चौथी गेंद पर मोहम्मद रिजवान ने शॉट खेला।
--गेंद को रोकने के लिए मिराज आगे बढ़े और अपने पैर से उन्होंने इसे रोका।
--इस दौरान नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े सलमान आगा क्रीज से बाहर निकले हुए थे।
--चूंकि गेंद सलमान आगा के पास रुक गई थी तो उन्हें लगा कि गेंद पूरी हो गई है।
--लेकिन मिराज ने तत्परता दिखाते हुए गेंद को स्टंप्स की ओर मारा और रन आउट की अपील कर दी।
--सलमान इससे चौंक गए, लेकिन वह क्रीज से बाहर थे और इस कारण तीसरे अंपायर ने उन्हें आउट दिया।
--इससे सलमान बौखला गए और उन्होंने गुस्से में हेलमेट मैदान पर फेंक दिया और गुस्से से ड्रेसिंग रूम की ओर लौटे।
--पवेलियन लौटने से पहले सलमान ने मिराज के साथ बहस की, लेकिन बांग्लादेशी कप्तान उन्हें समझाते नजर आए।
आगा को क्या सजा मिली ?
आगा को आधिकारिक चेतावनी दी गई है। उनके खाते में एक डिमेरिट अंक जोड़ दिया गया है। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला अपराध है। आईसीसी ने बताया कि आगा ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी के सदस्य नीमुर राशिद राहुल द्वारा प्रस्तावित सजा मान ली, इसलिए इस मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।