छत्तीसगढ़ में भयावह सड़क दुर्घटना, पश्चिम मिदनापुर के 3 प्रवासी मजदूरों की मौत, 1 घायल

पोस्टमॉर्टम के बाद बुधवार को तीनों मृतकों का शव पश्चिम मिदनापुर उनके घर भेजा गया।

By अयंतिका साहा, posted by :श्वेता सिंह

Nov 26, 2025 20:39 IST

छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटना का शिकार हुए पश्चिम मिदनापुर के चार प्रवासी मजदूर। इसमें तीन की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतकों के नाम मनोरंजन सिंह (24), पंकज सिंह (28) और प्रशेनजीत धारा (22) हैं। घायल व्यक्ति का नाम शुभाशिष चक्रवर्ती (34) है। सभी मजदूर काम के सिलसिले में छत्तीसगढ़ गए थे।

सूत्रों के अनुसार, सोमवार की रात दुर्घटना हुई। पुलिस ने शवों को निकाल कर स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन को मृत घोषित किया। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती है। हालांकि घटना सोमवार को हुई थी, इसकी जानकारी बुधवार को सामने आई।

पुलिस के अनुसार, ये चारों मजदूर पश्चिम मिदनापुर के पिंगला थाना अंतर्गत क्षिराई इलाके के बारपुरी गांव के निवासी थे। लगभग 25 दिन पहले ये सभी एक साथ छत्तीसगढ़ के रायपुर में फूल की खेती के काम पर गए थे। सोमवार रात काम खत्म करके चार पहिया वाहन से वे किराए के घर लौट रहे थे, तभी वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क पर पलट गया।

वाहन में 5 से 7 लोग सवार थे। इनमें चार पश्चिम मिदनापुर के निवासी थे। अन्य यात्रियों की पहचान नहीं हो पाई है लेकिन वे भी गंभीर रूप से घायल हैं। तीन मृत मजदूरों के शव पोस्टमॉर्टम के बाद बुधवार को उनके घर पश्चिम मिदनापुर पहुंचाए गए। बचपन के तीन दोस्तों की अकाल मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पिंगला पंचायत समिति के सदस्य मोहम्मद कामरुल जमाल ने मृतकों के परिवार के साथ रहने का आश्वासन दिया है।

घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया गया है कि वाहन चालक के नियंत्रण खोने के कारण दुर्घटना हुई। इसके अलावा किसी अन्य कारण की संभावना भी पुलिस द्वारा खंगाली जा रही है।

Prev Article
चार्ज पर लगाकर मोबाइल देखने की आदत बनी जानलेवा, बिजली के झटके से हुई मौत

Articles you may like: