शनिवार की शाम को मंदारमनी में स्नान करने उतरे 25 वर्षीय पर्यटक सुब्रत बसु समुद्र में डूब गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही उनकी खोजबीन शुरू कर दी गयी थी। लेकिन लगभग 36 घंटा बीत जाने के बावजूद उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। आखिरकार सोमवार की सुबह पर्यटक का शव पुलिस ने बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पर्यटक का शव मंदारमनी के समुद्र से ही बरामद किया गया है। बताया जाता है कि पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए कांथी महकमा अस्पताल में भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुब्रत अपने 3 दोस्तों और एक महिला मित्र के साथ मंदारमनी में घुमने गया था। वह पूर्व बर्दवान का रहने वाला बताया जाता है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम को वह मंदारमनी में अपेक्षाकृत सुनसान जगह पर स्नान के लिए समुद्र में उतरा था। उसी समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। बताया जाता है कि जिस जगह पर यह दुर्घटना घटी वहां कोई नुलिया नहीं था।
दोस्तों ने ही सुब्रत के डूब जाने के बारे में नुलिया को जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्पीडबोट से तलाशी अभियान चलाया गया। शनिवार और रविवार को काफी खोजबीन के बावजूद सुब्रत का शव बरामद नहीं किया जा सका था। सोमवार को मंदारमनी कोस्ट थाना के ओसी अर्कदीप हल्दार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही नुलिया समेत बचाव दल ने स्पीड बोट के माध्यम से तलाशी अभियान चलाया।
सोमवार की सुबह मृतक का शव मंदारमनी में समुद्र से ही बरामद किया गया। पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दायर कर घटना की जांच शुरू कर दी है।