वकील के चेम्बर से लॉ की छात्रा का फंदे से लटकता हुआ शव बरामद हुआ था। इसके बाद ही वकील शेख मनवर आलम के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया था। आखिरकार बुधवार को हैदराबाद से पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार मनवर आलम को ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल लाया जा रहा है।
मनवर आलम काकद्वीप अदालत में वकील हैं। प्रैक्टिस के लिए सोनिया हल्दार (21) प्रत्येक दिन उनके चेम्बर जाती थी। 13 नवंबर को भी सोनिया चेम्बर गयी थी। शाम के समय चेम्बर से उसे फंदे से लटकता हुआ बरामद किया गया था। उसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बारे में जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतका के परिजनों का आरोप था कि उक्त वकील ने ही उसे आत्महत्या के लिए उकसाया होगा।
Read Also| विश्व बाल दिवस के मौके पर नीली रोशनी से जगमगायी कोलकाता की ऐतिहासिक इमारतें
परिजनों ने काकद्वीप थाना में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला भी दायर किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। लेकिन घटना के बाद से ही मनवर आलम पूरी तरह से गायब ही हो गया था। मनवर के खिलाफ पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी किया। गोपनीय सूत्रों से जानकारी मिली कि मनवर हैदराबाद में छिपा बैठा है। तुरंत काकद्वीप थाना की एक टीम हैदराबाद रवाना हो गयी। बुधवार को उसे गिरफ्तार किया गया। इस मामले में मीडिया से बात करते हुए काकद्वीप के SDPO विश्वजीत नस्कर ने कहा, 'आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर राज्य में लाया जा रहा है। यहां उससे पूछताछ की जाएगी।'
गौरतलब है कि घटना वाले दिन सोनिया के बैग से पुलिस को एक चिट्टी मिली थी। युवती के परिवार का दावा है कि उस चिट्ठी में स्पष्ट लिखा हुआ है कि सोनिया और वकील के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। रिश्ते की जटिलता की वजह से ही सोनिया ने यह कदम उठाया। मृत्यु के कारण, सोनिया पर किसी बात का दबाव बनाया जा रहा था या नहीं, इन बातों की जांच पुलिस करने वाली है।