सुबह-सुबह बनगांव में फैल गयी सनसनी। ढाका पाड़ा 21 नंबर वार्ड में वनबीबी तला इलाके में पिछले कुछ दिनों से एक बैग पड़ा हुआ था। इस बैग को लेकर स्थानीय लोगों में उत्सुकता बनी हुई थी। मंगलवार की सुबह आखिरकार उस बैग को खोला गया। लेकिन बैग के अंदर से जो निकला, उसे देखकर लोग दंग रह गए।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पिछले करीब 25-30 दिनों से यह भीगा हुआ बैग वनबीबीतला इलाके में पड़ा हुआ था। पानी सुख जाने के बाद स्थानीय किसान प्रद्युत मंडल ने उत्सुकतावश ही बैग को खोला। बैग को खोलते ही वह सिहर उठे। बैग के अंदर था इंसानी खोपड़ी और हड्डियां। डर के मारे प्रद्युत मंडल की चीख निकल गयी। तुरंत आसपास के लोग दौड़कर वहां पहुंचे। स्थानीय लोगों का दावा है कि हड्डियों पर लाल स्याही से कुछ लिखा हुआ था।
घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत बनगांव थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच खोपड़ी और बाकी हड्डियों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि ये हड्डियां और खोपड़ी किसकी है? इस बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। घटना की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।
मौके पर स्थानीय तृणमूल पार्षद सुरजीत दास भी पहुंचे थे। उन्होंने भी मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है। घटना के बाद से ही इलाके में सनसनी फैली हुई है। इससे पहले जिले में ट्रॉली में भरकर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश का भी आरोप लग चुका है।
स्थानीय निवासी उसी घटना की पुनरावृति इसे मान रहे हैं। उनका संदेह है कि किसी व्यक्ति की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश करते हुए ही इस घटना को अंजाम दिया गया है।