पिछले लगभग एक सप्ताह से कोलकाता का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था। लेकिन शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में एक बार फिर से गिरावट दर्ज की गयी। बताया जाता है कि उत्तरी हवाओं और आसमान के साफ होने की वजह से ही तापमान में गिरावट आयी है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से लगभग 1.3 डिग्री सेल्सियस कम है। राज्य के दूसरे जिलों में भी अब जमकर ठंड पड़ने लगी है। गुरुवार को दार्जिलिंग का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं बीरभूम के श्रीनिकेतन का तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस और अलीपुरदुआर का तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले सप्ताह तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं होगी। बताया जाता है कि अगले 7 दिनों तक तापमान का पारा इसी के आसपास बना रहेगा। उत्तरी हवाओं को राज्य में प्रवेश करने में कोई बाधा नहीं मिल रही है। इस वजह से राज्य का न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास ही बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पश्चिमांचल के जिलों में तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं तटवर्तीय जिलों में तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना है।
दूसरी तरफ उत्तर बंगाल में अगले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जतायी गयी है। मौसम विभाग ने बताया कि दार्जिलिंग जिले का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। उत्तर बंगाल में मालदह समेत अन्य समतल के जिलों का न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है।
वहीं बात अगर देश के दूसरे हिस्सों की करें तो मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि महाराष्ट्र, कर्नाटक और तेलंगाना में शीतलहर चलेगी। वहीं छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और ओडिशा में भी कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाया रह सकता है जिस वजह से दृश्यता भी घटने की संभावना जतायी गयी है।