रबात: मोरक्को के तटीय शहर साफी में मूसलाधार बारिश हुइ और अचानक आई बाढ़ से कम से कम 37 लोगों की मौत हो गई है। यह जानकारी देश के गृह मंत्रालय ने दी। अधिकारियों के अनुसार रात भर हुई भारी बारिश और फ्लैश फ्लड के कारण करीब 70 घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पानी में डूब गए और 10 वाहन बह गए। स्थानीय मीडिया के मुताबिक स्कूलों को तीन दिनों के लिए बंद करने की घोषणा की गई है। बारिश और बाढ़ से मोरक्को के अन्य हिस्सों में भी नुकसान हुआ है जिनमें उत्तरी शहर टेटुआन और पहाड़ी कस्बा टिंगहिर शामिल हैं।
साफी मोरक्को के अटलांटिक तट पर स्थित एक प्रमुख शहर है और राजधानी रबात से लगभग 320 किलोमीटर दूर है। यह शहर देश के महत्वपूर्ण मत्स्य पालन और खनन उद्योग का बड़ा केंद्र है जहां हजारों लोग काम करते हैं। यहां एक बड़ा फॉस्फेट प्रोसेसिंग प्लांट भी मौजूद है। शहर की आबादी तीन लाख से अधिक है।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में साफी की सड़कों पर बाढ़ का पानी भरने और कई कारों के फंसे व आंशिक रूप से डूबे होने के दृश्य दिखाई दिए।
जलवायु परिवर्तन के कारण मोरक्को में मौसम का स्वरूप लगातार अस्थिर होता जा रहा है। उत्तर अफ्रीका कई वर्षों से सूखे की चपेट में रहा है जिससे जमीन सख्त हो गई है और पहाड़, रेगिस्तान व मैदानी इलाके बाढ़ के प्रति अधिक संवेदनशील हो गए हैं। पिछले साल मोरक्को और अल्जीरिया के आम तौर पर शुष्क इलाकों में आई बाढ़ से करीब दो दर्जन लोगों की मौत हुई थी।
इन बाढ़ की घटनाओं से पहले इसी सप्ताह मोरक्को के फेज़ शहर में दो इमारतों के गिरने से 22 लोगों की जान चली गई थी। हालांकि मोरक्को ने आपदा जोखिम कम करने के लिए निवेश किया है लेकिन कई बार स्थानीय प्रशासन भवन नियमों को सख्ती से लागू नहीं करता और कुछ शहरों में जल निकासी व्यवस्था भी कमजोर है। इन्ही बुनियादी असमानताओं को लेकर इस साल देश में युवाओं के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन भी हुए थे।