पटना: दरभंगा से छह बार विधायक रहे संजय सरावगी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का नया बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। संजय सरावगी ने मौजूदा बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की जगह ली है, जो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट में उद्योग मंत्री हैं।
भाजपा की ओर से 15 दिसंबर को जारी एक बयान में कहा गया कि विधायक श्री संजय सरावगी को भारतीय जनता पार्टी, बिहार का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर संजय सरावगी ने कहा कि पार्टी मेरे लिए मां के समान है और मैं पूरी ईमानदारी, निष्ठा और धैर्य के साथ पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्य करूंगा।
28 अगस्त 1969 को बिहार के दरभंगा में जन्मे संजय सरावगी का शैक्षणिक आधार मजबूत है। उन्होंने वाणिज्य में स्नातकोत्तर (MCom) और व्यवसाय प्रबंधन (MBA) में डिग्री हासिल की है। वैश्य समुदाय से आने वाले सरावगी का सार्वजनिक जीवन में प्रवेश उनके छात्र जीवन से ही शुरू हो गया था। उन्होंने लगभग एक दशक तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के साथ काम किया और विभिन्न संगठनात्मक भूमिकाएं निभाईं, जिसने उनके राजनीतिक करियर की नींव रखी। 1999 में उन्होंने औपचारिक रूप से पार्टी संगठन में प्रवेश किया और भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के जिला मंत्री के रूप में कार्य किया।2001 में वे दरभंगा सिटी मंडल भाजपा के अध्यक्ष बने और 2002 में दरभंगा नगर निगम के वार्ड पार्षद चुने गए। पार्टी में उनका कद तेजी से बढ़ता गया और 2003 में उन्हें दरभंगा जिला भाजपा का महामंत्री नियुक्त किया गया।
संजय सरावगी लगातार छह बार विधायक चुने गए हैं। उन्होंने फरवरी 2005 में दरभंगा विधानसभा सीट से पहली बार जीत दर्ज की थी। इसके बाद नवंबर 2005, 2010, 2015, 2020 और 2025 के चुनावों में भी उन्होंने अपनी सीट बरकरार रखी, जिससे उनके दो दशकों के निरंतर जनप्रतिनिधित्व का रिकॉर्ड बना।
बिहर मेें दो दिन में दो बड़े बदलाव, नितिन नबीन के बाद अब संजय सरावगी को मिली बड़ी जिम्मेदारी
संजय सरावगी वैश्य समुदाय से आते हैं। यह समुदाय मुख्य रूप से व्यापारी जाति में आता है और हिंदू समाज के वैश्य वर्ग के अंतर्गत गिना जाता है। एक दिन पहले ही बीजेपी ने बिहार के मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया और अब पार्टी ने बिहार में एक बड़ा बदलाव करते हुए संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।