🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

कल दिल्ली लाये जायेंगे गोवा नाइट क्लब अग्निकांड के अभियुक्त दोनों लूथरा भाई, दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लेगी गोवा पुलिस

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें अधिकतम 10 वर्ष तक की कैद का प्रावधान है।

By डॉ. अभिज्ञात

Dec 15, 2025 15:18 IST

बैंकाक/नयी दिल्लीः गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित नाइटक्लब में लगी भीषण आगकाण्ड मामले में फरार लूथरा भाइयों की भारत वापसी अब तय हो गई है। हादसे में 25 लोगों की मौत के बाद क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा देश छोड़कर थाईलैंड भाग गये थे। दोनों भाइयों को अब थाईलैंड से डिपोर्ट किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार वे कल सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

एनएनआई की रिपोर्ट के अनुसार गोवा पुलिस की एक टीम आज देर रात दिल्ली के लिए रवाना होगी, जहां वह केंद्रीय एजेंसियों से औपचारिक रूप से लूथरा भाइयों की हिरासत लेगी। अभियुक्तों को दिल्ली में ही गोवा पुलिस के हवाले किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गोवा पुलिस थाईलैंड नहीं जा रही है और लूथरा भाइयों की कस्टडी दिल्ली में ही ली जाएगी। लूथरा भाइयों के कल देर रात गोवा पहुँचने की संभावना है। गोवा पहुँचते ही उन्हें आगे की पूछताछ के लिए सीधे अंजुना पुलिस स्टेशन ले जाया जाएगा। अभियुक्तों को 17 दिसंबर को मापुसा अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। इस बीच, गोवा सरकार ने मामले को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए एक विशेष कानूनी टीम का गठन किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें अधिकतम 10 वर्ष तक की कैद का प्रावधान है।

थाईलैंड से भारत लाए जाने को लेकर लूथरा ब्रदर्स-सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में पहुँच गई है। तेज़ी से हुए इन घटनाक्रमों को एक बड़ी प्रगति माना जा रहा है, खासकर तब जब पहले यह आशंका जताई जा रही थी कि यात्रा दस्तावेज रद्द होने से जुड़े परस्पर दावों और मानवाधिकार मुद्दों के कारण यह मामला बैंकॉक में लंबी कानूनी लड़ाई में फँस सकता है। भारतीय अधिकारियों ने थाई पक्ष को सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिए हैं, जिनमें पासपोर्ट रद्द होने के बाद जारी किए गए जरूरी इमरजेंसी सर्टिफिकेट भी शामिल हैं। सूत्रों ने पुष्टि की है कि अधिकांश प्रक्रियागत अड़चनें दूर कर ली गई हैं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, भारतीय अधिकारियों द्वारा उनके पासपोर्ट निलंबित किए जाने के बाद थाई पुलिस ने गुरुवार को फुकेत के एक रिसॉर्ट से दोनों भाइयों को हिरासत में लिया था। यह कार्रवाई भारतीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के अनुरोध पर की गई। थाई अधिकारियों के मुताबिक भारतीय कानून प्रवर्तन की एक टीम भी दोनों भाइयों की वापसी की औपचारिकताओं में समन्वय कर रही है। यह प्रक्रिया दोनों देशों के बीच 2015 से लागू प्रत्यर्पण संधि के तहत संभव हो पाई है। मालूम हो कि 6 दिसंबर की देर रात ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में लगी भीषण आग में पांच पर्यटकों और 20 कर्मचारियों समेत कुल 25 लोगों की जान चली गई थी। यह रेस्टोरेंट गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा के स्वामित्व में है।

Prev Article
नेतन्याहू ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री को लिया आड़े हाथ, कहा - इतिहास कमजोर प्रधानमंत्री की तरह याद रखेगा
Next Article
दिवाली के विश्व धरोहर बनने पर अमेरिका के ह्यूस्टन में खास आयोजन

Articles you may like: