बिहार में स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने एक बड़ी कार्रवाई के तहत बिहार मेडिकल सर्विसेज इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के डीजीएम पंकज कुमार के ठिकानों पर छापेमारी की। मिली जानकारी के अनुसार SVU ने पंकज कुमार के 4 ठिकानों पर छापेमारी की।
आरोप है कि पंकज कुमार ने करीब 1 करोड़ रुपए की आय से अधिक संपत्ति अर्जित की थी। बता दें, यह छापेमारी SVU की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत की गयी है।
दैनिक जागरण की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार SVU ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13 (1) (b), 13 (2) और 12 के तहत कांड संख्या 10/2026 दर्ज किया है। आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में विशेष न्यायाधीश, पटना द्वारा तलाशी वारंट जारी किया गया था जिसके आधार पर गुरुवार को पंकज कुमार के पटना स्थित कार्यालय और आवासीय परिसरों में छापेमारी अभियान चलाया।
आरोप है कि पंकज कुमार ने बिहार सरकार के लोक सेवक के रूप में विभिन्न पदों पर लगभग 11 सालों तक काम किया है। इस दौरान उन्होंने ज्ञात कानूनी आय स्रोतों से करीब 96 लाख 46 हजार 666 रुपए की संपत्ति अर्जित की थी।
आज तक की मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि जैसे ही पटना के कदमकंआ स्थित DGM आवास में SVU की टीम पहुंची, DGM पंकज कुमार घबरा गए। आरोप है कि वह अवैध रुपयों को छिपाने के लिए उन्हें कचरे के डिब्बे में फेंकने लगे। हालांकि SVU की टीम सतर्क थी और फेंके गए रुपयों को तुरंत जब्त कर लिया गया।
पंकज कुमार के जिन ठिकानों पर SVU की टीम ने छापेमारी की उनमें PMCH यानी उनका विभागीय कार्यालय, पटना के कदमकुआं स्थित उनका निजी आवास के अलावा दो अन्य ठिकाने शामिल हैं। बताया जाता है कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में पंकज कुमार के कई बैंक अकाउंट, निवेश के कागजात और बेनामी संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।
इन सभी की बारीकी से जांच की जा रही है। इस बारे में मीडिया रिपोर्ट में पटना के DSP चंद्रभूषण के हवाले से कहा गया है कि आय से अधिक संपत्ति मामले में मामला दर्ज कर लिया गया है। छापेमारी की जा रही है। बरामदगी का पूरा ब्यौरा जांच पूरी होने के बाद दिया जाएगा।