नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार शाम चार बजे पार्टी मुख्यालय में आयोजित ‘नो बीजेपी’ कार्यक्रम के तहत 12 देशों के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम भाजपा की ओर से राजनयिक समुदाय को पार्टी की वैचारिक पृष्ठभूमि, संगठनात्मक संरचना, शासन मॉडल और विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार 12 देशों के मिशन प्रमुख इस संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद विदेशी राजनयिकों के साथ नितिन नवीन की यह पहली औपचारिक मुलाकात होगी। कार्यक्रम में भाजपा के विदेश विभाग के प्रभारी विजय चौथाईवाले भी उपस्थित रहेंगे।
भाजपा द्वारा शुरू की गई ‘नो बीजेपी’ पहल विभिन्न कार्यक्रमों की एक श्रृंखला है, जिसके माध्यम से विदेशी राजनयिकों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को पार्टी के इतिहास, मूल विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और शासन संबंधी दृष्टिकोण से अवगत कराया जाता है। इस पहल की शुरुआत वर्ष 2023 में भारतीय जनता पार्टी के 43वें स्थापना दिवस के अवसर पर तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की थी।
इससे पहले शनिवार को बिहार में आयोजित एक कार्यक्रम में नितिन नवीन ने कहा था कि भाजपा की यात्रा केवल किसी राजनीतिक दल के विस्तार की कहानी नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक चेतना, सेवा, संघर्ष और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प की ऐतिहासिक यात्रा है।
‘भाजपा का इतिहास, वैचारिक आधार और विकास यात्रा’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की वैचारिक नींव डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी दृष्टिकोण और पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित एकात्म मानववाद के सिद्धांत पर आधारित है।
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा का मूल उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1951 में स्थापित भारतीय जनसंघ से लेकर आज दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के रूप में भाजपा के उभरने तक की यात्रा संघर्ष, समर्पण और कार्यकर्ताओं की निरंतर मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि शुरुआती वर्षों में सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने कभी भी अपनी विचारधारा से समझौता नहीं किया और संगठन तथा उसके सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया। पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी संगठन की रीढ़ माना जाता है और यही कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति पार्टी को अन्य राजनीतिक दलों से अलग पहचान देती है।
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर, बुनियादी ढांचे का विस्तार, डिजिटल परिवर्तन और वैश्विक स्तर पर भारत की मजबूत पहचान भाजपा सरकारों की प्राथमिकताओं में शामिल रहे हैं।